ट्रंप के दामाद के खिलाफ इस देश में सड़कों पर संग्राम, जाने क्या है मामला

अल्बानिया में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जैरेड कुशनर की महत्वाकांक्षी लग्जरी रिजॉर्ट परियोजना को लेकर विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है. बुधवार को राजधानी तिराना में हजारों लोगों ने सड़कों पर उतरकर अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी इस परियोजना को पर्यावरण और देश के हितों के खिलाफ बता रहे हैं. करीब 5 अरब यूरो की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण ज़्वेर्नेक (Zvernec) इलाके के पास प्रस्तावित है. ये क्षेत्र एक संरक्षित वेटलैंड के नजदीक स्थित है, जहां फ्लेमिंगो, सील और समुद्री कछुओं जैसी कई दुर्लभ प्रजातियां पाई जाती हैं. पर्यावरण कार्यकर्ताओं का कहना है कि इतने बड़े पर्यटन प्रोजेक्ट से इस संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है.

तिराना की सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने “अल्बानिया इज नॉट फॉर सेल” और “न्यूज अल्बानिया” जैसे नारे लगाए. प्रदर्शनकारियों की भीड़ प्रधानमंत्री एदी रामा के कार्यालय के बाहर जमा हुई और शहर के प्रमुख बुलेवार्ड पर लगभग आधा मील तक फैली रही. प्रदर्शन में शामिल लिआंड लाकरोरी ने कहा कि ज़्वेर्नेक परियोजना को लेकर किसी तरह की ट्रांसपरेंसी नहीं है. उनके मुताबिक, ये पिछले 35 वर्षों से देश में चल रही न दिखने वाली व्यवस्था का प्रतीक बन गई है. उन्होंने कहा कि अब लोगों का सब्र टूट चुका है और वे बदलाव चाहते हैं.

ये विरोध प्रधानमंत्री एदी रामा के लिए भी एक बड़ी राजनीतिक चुनौती बनता जा रहा है. रामा वर्ष 2013 से सत्ता में हैं, लेकिन उनके आलोचकों का आरोप है कि वह भ्रष्टाचार पर पूरी तरह लगाम नहीं लगा पाए हैं और स्वास्थ्य सेवाओं जैसी बुनियादी सुविधाओं में भी पर्याप्त सुधार नहीं हुआ है. हालांकि, प्रधानमंत्री रामा ने इस हफ्ते एक इंटरव्यू में कहा कि ये परियोजना आगे बढ़ेगी और सभी नियमों का पालन करते हुए जिम्मेदारी के साथ पूरी की जाएगी. उन्होंने ये भी दावा किया कि उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार कम करने के लिए कई कदम उठाए हैं. रामा ने विशेष अभियोजन कार्यालय SPAK का जिक्र करते हुए कहा कि इस संस्था ने हाल के वर्षों में कई हाई-प्रोफाइल मामलों की जांच शुरू की है.

इसके बावजूद जनता का अविश्वास कम होता नहीं दिख रहा. इसी साल भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर उपप्रधानमंत्री बेलिंडा बल्लुकु के खिलाफ भी बड़े प्रदर्शन हुए थे. बाद में रामा ने उन्हें पद से हटा दिया, लेकिन सरकार के प्रति लोगों की नाराजगी बरकरार है. प्रदर्शनकारी फैबियो ब्राकाज ने कहा कि देश लंबे वक्त से एक ही तरह की राजनीति देख रहा है और अब लोग नए दौर की शुरुआत चाहते हैं. उनके मुताबिक, अल्बानिया को बेहतर शासन और ज्यादा ट्रांसपरेंसी की जरूरत है.

जैरेड कुशनर और उनकी पत्नी इवांका ट्रंप इस परियोजना के प्रमुख चेहरे हैं. दोनों ने कुछ साल पहले नौका यात्रा के दौरान अल्बानिया का दौरा किया था और बाद में यहां निवेश की योजना बनाई. पिछले महीने जब डेवलपर्स ने निर्माण स्थल के आसपास बाड़ लगानी शुरू की तो स्थानीय लोगों का विरोध भड़क उठा. बढ़ते दबाव के बाद वह बाड़ हटा दी गई, लेकिन परियोजना को लेकर विवाद अभी-भी जारी है.