रेवाड़ी में 11वीं के छात्र ने घर में फंदा लगाकर दी जान, शिक्षक पर डांटने-पीटने का आरोप
रेवाड़ी। मंगलवार दोपहर गांव धवाना में 11वीं कक्षा के छात्र ने घर पर ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव चौबारे में फंदे से लटका हुआ मिला। स्वजन ने सरकारी स्कूल के शिक्षक पर होमवर्क नहीं करने पर डांटने-पीटने का आरोप लगाया है। खोल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद नागरिक अस्पताल स्थित शवगृह में रखवा दिया है। वहीं शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद विरोध जताने के लिए काफी लोग स्कूल के बाहर भी एकत्रित हुए। हालांकि पुलिस ने उन्हें समझाने के बाद वापस भेज दिया।
दरअसल, गांव धवाना का रहने वाला 15 वर्षीय किशोर गांव के ही सरकारी स्कूल में 11वीं का छात्र है। स्वजन के अनुसार, रोजाना की तरह वह स्कूल गया है। आरोप है कि स्कूल में इतिहास विषय के शिक्षक ने होमवर्क नहीं करने पर पहले उसे डांटा और फिर उसकी पिटाई भी की।
छुट्टी होने के बाद वह सीधे घर आया और प्रथम तल पर बने कमरे में जाकर खिड़की की एंगल पर बेडशीट से बनाया फंदा लगाकर लटक गया। घटना के वक्त उसकी मां नारनौल में अपने किसी रिश्तेदार से मिलने के लिए गई थी। उसकी बहन जब कमरे में पहुंची तो वह फंदे पर लटक रहा था।
उसने शोर मचाया। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छात्र के शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्वजन ने शिक्षक पर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।
