8वीं की छात्रा ने किया सुसाइड, फंदे पर लटका मिला शव, परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप

रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान आकांक्षा सेन के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ नगर स्थित सरस्वती शिक्षा मंदिर की छात्रा थी। इस दुखद घटना के बाद मृतका के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि स्कूल में शिक्षकों की कड़ी डांट-फटकार और प्रताड़ना से आहत होकर बच्ची ने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद से पूरे इलाके और परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है। परिजनों का आरोप है कि सोमवार को स्कूल में छात्रा को शिक्षकों द्वारा बुरी तरह डांटा-फटकारा गया था। स्कूल से घर लौटने के बाद छात्रा बेहद डरी हुई और गुमसुम थी। परिजनों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और अनुचित व्यवहार के कारण छात्रा अत्यधिक मानसिक तनाव में आ गई थी। उनका दावा है कि यदि स्कूल में इस तरह का मानसिक दबाव न बनाया गया होता, तो उनकी बेटी ऐसा खौफनाक कदम कभी नहीं उठाती। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले में स्कूल प्रबंधन ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए आरोपों पर अपना पक्ष रखा है। सरस्वती शिक्षा मंदिर की प्रधानपाठक इंद्राणी दुबे ने बताया कि सोमवार को कक्षा में छात्रा की क्लास टीचर के साथ किसी बात को लेकर बहस हुई थी। क्लास टीचर ने इसकी शिकायत प्राचार्य से की। इसके बाद छात्रा और अन्य संबंधित बच्चियों को कार्यालय में बुलाया गया, जहां उन्होंने पूरी तरह मौन साध लिया। इसके उपरांत छात्रा के माता-पिता को विद्यालय बुलाकर पूरे घटनाक्रम और बच्ची के व्यवहार की जानकारी दी गई थी। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि किसी को प्रताड़ित नहीं किया गया, बल्कि नियमों के तहत परिजनों को अवगत कराया गया था।

मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना सोमवार शाम करीब 6:45 बजे की है। उस समय परिवार के लोग घर के पास ही स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में गए हुए थे। घर में किसी के न होने का फायदा उठाते हुए छात्रा ने फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। जब परिजन पंडाल से घर लौटे, तो बेटी को फंदे से लटकता देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। त्योहार के माहौल के बीच हुई इस त्रासदी ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।

घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि आठवीं कक्षा की छात्रा द्वारा खुदकुशी का मामला दर्ज कर मर्ग कायम किया गया है। पुलिस परिजनों और स्कूल प्रबंधन दोनों के बयान दर्ज कर रही है। सहपाठियों से भी पूछताछ की जा रही है कि स्कूल में वास्तव में क्या हुआ था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।