होली सेलिब्रेशन के बीच छात्रों में चले लात-घूंसे, नशे में एक तरफ डीजे पर डांस, दूसरी तरफ मारपीट
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के गुरुघासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU) में होली सेलिब्रेशन के दौरान छात्रों के दो गुटों के बीच फिर जमकर मारपीट हो गई। छात्र एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते रहे। 4 दिन पहले भी मारपीट की घटना हुई थी। अब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सोमवार को यूनिवर्सिटी कैंपस में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। डीजे की धुन पर नाचते समय छात्रों के बीच विवाद हो गया। कुछ छात्रों ने नशे में जमकर रंग-गुलाल उड़ाए और एक दूसरे के कपड़े फाड़े। इसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हुआ। घटना कोनी थाना क्षेत्र की है।
इससे पहले यूनिवर्सिटी में एबीवीपी के होली मिलन समारोह में चार दिन पहले भी विवाद हुआ था। स्टेज पर चढ़ने को लेकर छात्रों के बीच विवाद हो गया, फिर देखते ही देखते आपस में मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ छात्र जबरन स्टेज पर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। जिसका दूसरे छात्रों ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों गुट आमने-सामने आ गए। दरअसल, सोमवार को यूनिवर्सिटी कैंपस में दूसरे गुट के छात्रों ने रंग बरसे 0.5 का आयोजन किया था। इस दौरान ऑडिटोरियम के सामने तेज आवाज में साउंड सिस्टम लगाकर डीजे की धुनकर छात्र जमकर रंग-गुलाल उड़ा रहे थे। छात्र-छात्राएं सभी आपस में डांस कर रहे थे। यह सिलसिला घंटों चलता रहा।
बिलासपुर के GGU में प्री-होली 5.0 कार्यक्रम के दौरान छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट। चार दिन में दूसरी घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल। @BilaspurDist #Chhattisgarh pic.twitter.com/T8JRS0GxTT
— Haribhoomi (@Haribhoomi95271) March 3, 2026
एक तरफ छात्र-छात्राएं होलियाना मूड में डांस की मस्ती में सराबोर हो रहे थे। दूसरी तरफ कुछ छात्र आपस में ही एक दूसरे के शर्ट फाड़ रहे थे। नशे में अबीर गुलाल के बीच अचानक कुछ छात्रों ने मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते छात्रों के दो गुटों में हिंसक झड़प शुरू हो गई। फिर छात्र एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पिटाई करते रहे।
मारपीट होते देख छात्र इधर-उधर भागने लगे। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें छात्रों का एक गुट दूसरे छात्र को घेर कर बेरहमी से पिटाई करते दिख रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
कोनी टीआई का कहना है कि, यूनिवर्सिटी कैंपस में छात्रों के बीच मारपीट की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। किसी छात्र ने मारपीट की शिकायत दर्ज नहीं कराई है। शिकायत मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
