चलती कार के विंडो से लटककर स्टूडेंट्स का स्टंट, हाईवे पर हूटर बजाते हुए दौड़ाई गाड़ी, रील बनाई

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की सख्त चेतावनी के बाद भी कार पर स्टंटबाजी नहीं थम रही है। सोशल मीडिया पर कार की बोनट पर बैठकर और विंडो से निकलकर स्टूडेंट्स के स्टंट के 3 नए वीडियो वायरल हो रहे हैं। पहला मामला जांजगीर-चांपा जिले के जीएलडी स्कूल का है, जहां फेयरवेल पार्टी में कुछ स्टूडेंट्स कार के बोनट पर बैठकर स्कूल में एंट्री की। दूसरा मामला सूरजपुर जिले के विश्रामपुर के डीएवी पब्लिक स्कूल का है। यहां छात्र नेशनल हाईवे पर फोर व्हीलर के विंडो से लटककर स्टंट किया। 5 कारों में सवार छात्र वाहन से लटककर हूटर बजाते हुए हाईवे से गुजरे। तीसरा मामला धरसींवा के कुंरा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल का है। फेयरवेल के दौरान कुछ छात्र कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करते हुए दिखाई दिए। स्टूडेंट के स्टंट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसकी जानकारी मिलते ही सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 वाहनों को जब्त कर लिया है। जबकि जांजगीर में पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालान काटे हैं। वहीं धरसींवा मामले में कार्रवाई नहीं हुई है।