पटना में छात्रों के राजभवन मार्च पर बवाल; पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले दागे

पटना में बुधवार को पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हुई है। छात्र पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राजभवन मार्च निकाल रहे थे। पुलिस ने छात्रों को जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग कर रोक लिया। पुलिस ने छात्रों से वापस लौटने की अपील की। छात्र बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। आंसू गैस के गोले दागे गए। लाठीचार्ज किया गया। इसके बाद भी छात्र हजारों की संख्या में जेपी गोलंबर पर डटे रहे। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। पुलिस उन्हें समझाने की कोशिश करती रही। कुछ छात्र सड़क पर बैठ गए। 20 मिनट बाद छात्रों ने बैरिकेडिंग भी तोड़ दी। छात्र जेपी गोलंबर से आगे निकले हैं।

पुलिस ने डाकबंगला चौराहे पर फिर बैरिकेडिंग की है। यहां भी भारी फोर्स तैनात है। वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले लेकर जवान खड़े हैं।

ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन के नेतृत्व में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों ने बताया कि ये मार्च दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार और शिक्षा के निजीकरण के खिलाफ चल रहे आंदोलन के समर्थन और वहां शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में निकाला जा रहा है।