प्री मानसून की बारिश धमतरी में हो रही है। शनिवार को भी यहां बादल छाए हुए हैं और बारिश की संभावना है। वहीं जिले के नगरी ब्लॉक में करीब 50 लोग शुक्रवार को सोंढूर नदी पार करते समय तेज बहाव में बहने से बच गए। नगरी ब्लॉक में शुक्रवार को 50 लोग ट्रक से सोंढूर नदी पार करने की कोशिश कर रहे थे। इनमें महिलाएं, पुरुष और एक 10 दिन का बच्चा भी शामिल था। उस वक्त नदी का जलस्तर 4 फीट था। लेकिन ओडिशा में हुई भारी बारिश से शुक्रवार शाम अचानक इसका जलस्तर बढ़कर 6 फीट हो गया।
22 जून को देर शाम करीब 5 बजे अचानक सोंढूर नदी में बाढ़ आ गई। सड़क किनारे खड़े ग्रामीणों को एक ट्रक में बैठाकर नदी पार कराया जा रहा था। ट्रक में करीब 50 लोग सवार थे। अचानक पानी के तेज बहाव में ट्रक बहने लगा। कुछ सेकेंड बाद सभी 50 लोग नदी में ही फंस गए। ये देखकर ट्रक चालक के हाथ-पैर फूल गए, वहीं लोग भी डर के कारण शोर मचाने लगे। गनीमत ये रही कि ट्रक तेज बहाव में बहते-बहते अचानक रुक गया, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक पर सवार सभी लोगों को सुरक्षित निकाला। बीते 24 घंटे में धमतरी जिले में 20 मिमी बारिश हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 15 घंटे से यहां आवाजाही ठप है। कुछ लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे हैं।