सुकमा : दो नक्सलियों ने किया सरेंडर, एक माओवादी पर था 1 लाख का इनाम

क्षेत्रीय

छत्तीसगढ़ : सुकमा जिले में सुरक्षाबल के जवानों को बड़ी सफलता मिली है। एक ईनामी नक्सली समेत दो नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने मंगलवार को आत्मसमर्पण कर दिया है। नक्सलियों के सरेंडर करने की जानकारी पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को दी। सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दो नक्सलियों पोड़ियाम गंगा (36) और उईका नंदा (23) ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। बताया कि आत्मसमर्पण करने वाला नक्सली गंगा दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संघ का अध्यक्ष है, उसपर एक लाख रुपए का ईनाम था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने पूना नर्कोम अभियान (नयी सुबह, नयी शुरुआत) से प्रभावित होकर तथा माओवादी नेताओं के भेदभावपूर्ण व्यवहार से तंग आकर हिंसा का मार्ग छोड़ समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का फैसला किया है। नक्सलियों के खिलाफ जिले में नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत सहायता प्रदान की जाएगी।