ब्रिटेन में आम चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। कंजर्वेटिव पार्टी से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ऋषि सुनक और लेबर पार्टी के कैंडिडेट कीर स्टार्मर गुरुवार सुबह अपनी पत्नियों के साथ पोलिंग स्टेशन पहुंचे। सुनक और अक्षता मूर्ति ने यॉर्कशायर में वोट डाला। वहीं स्टार्मर ने पत्नी विक्टोरिया के साथ नॉर्थ लंदन के केंटिश टाउन में मतदान किया। ब्रिटेन में इस बार तय शेड्यूल से 6 महीने पहले चुनाव हो रहे हैं। 22 मई को PM सुनक ने इसकी घोषणा की थी। अगले 5 साल तक ब्रिटेन का भविष्य तय करने के लिए आज 5 करोड़ वोटर्स सांसदों का चुनाव कर रहे हैं। वोटिंग रात 10 बजे (भारतीय समयानुसार रात 2:30 बजे) खत्म होगी। ब्रिटेन में बैलट पेपर के जरिए मतदान होता है। इन चुनावों में न केवल वहां के नागरिक बल्कि UK में रहने वाले कॉमनवेल्थ देशों के नागरिक जैसे भारतीय, पाकिस्तानी, ऑस्ट्रेलियाई भी मतदान कर सकते हैं।
