बिलासपुर में दुष्कर्म पीड़िता की मां को न्याय दिलाने के लिए बुधवार की रात थाने के बाहर सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इस दौरान लोग सड़क पर बैठकर भजन-कीर्तन कर भगवान से पुलिस को सद्बुद्धि देने की कामना करते रहे। आज शाम को रतनपुर में मशाल रैली भी निकाली जाएगी। विश्व हिंदू परिषद और हिंदूवादी संगठनों ने विधवा महिला को न्याय मिलने तक शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। वहीं, भाजपा महिला मोर्चा भी अब इस आंदोलन में कूद गई है। उन्होंने मामले की जांच के लिए एक कमेटी बनाई है।
इधर, आक्रोश और विरोध-प्रदर्शन के बाद बनी कमेटी की जांच चल रही है, जिसमें अहम सुराग मिलने का दावा किया जा रहा है। अब पुलिस अफसर भी मान रहे हैं कि बच्चे को सामने लाकर फर्जी केस दर्ज कराया गया है। इस घटना को लेकर पुलिस अफसरों को कई अहम सुराग मिले हैं। दो-तीन दिन में कमेटी SP को रिपोर्ट सौंपेगी।
रतनपुर में इस घटना के बाद से आक्रोश है और विश्व हिंदू परिषद के साथ ही हिंदूवादी संगठन लगातार आंदोलन कर रहे हैं। कलेक्टर सौरभ कुमार के आश्वासन के बाद आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को सड़क पर बैठकर तीन घंटे तक सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ कर भजन-कीर्तन किया गया।
जांच में पुलिस अफसरों को मिले अहम सुराग
SP संतोष कुमार ने पूरे मामले की जांच के लिए एडिशनल एसपी ग्रामीण राहुल देव शर्मा के नेतृत्व में जांच कमेटी बनाई है और सात दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी है। घटना से जुड़े लोगों का बयान दर्ज कर तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। दुकान के आसपास के लोगों से पूछताछ कर की जा रही है। जांच लगभग अंतिम दौर पर है, जिसमें यह बात सामने आई है कि रेप के आरोपी को बचाने के लिए बच्चे को सामने कर फर्जी केस दर्ज कराया गया है।’
भाजपा महिला मोर्चा ने बनाई जांच कमेटी
इधर, अब इस मामले में भाजपा महिला मोर्चा ने भी पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रतनपुर में दुष्कर्म पीड़िता की मां पर केस दर्ज कर जेल भेजने के मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी बनाई है। बुधवार को कमेटी की मोर्चा की पदाधिकारी रतनपुर पहुंची और पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। इस दौरान जिलाध्यक्ष जयश्री चौकसे, विधानसभा प्रभारी महिला मोर्चा गायत्री साहू, जिला प्रभारी प्रेमलता तंबोली, मंडल अध्यक्ष सविता धीवर सहित अन्य शामिल रहीं। पूरी जानकारी लेने के बाद उन्होंने रिपोर्ट पेश कर दिया है। मोर्चा पदाधिकारियों ने कहा कि हम परिजनों के साथ हैं।
आज निकलेगी मशाल रैली
विश्व हिंदू परिषद समेत हिंदूवादी संगठन इस घटना के बाद से लगातार आंदोलनरत हैं। पदाधिकारियों ने बताया कि रेप पीड़िता की मां को जब तक न्याय नहीं मिल जाता तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। अलग-अलग तरीके से पुलिस प्रशासन के विरोध में प्रदर्शन चल रहा है। इसी कड़ी में आज शाम मशाल रैली निकाली जाएगी।