सुनेत्रा पवार ने जीत का इतिहास बनाया, 2.18 लाख वोटों से जीतीं, 5 राज्यों की 7 सीटों पर उपचुनाव…

देश के 5 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे लगभग आ गए हैं। महाराष्ट्र के बारामती सीट से NCP उम्मीदवार सुनेत्रा पवार ने 2 लाख 18 हजार वोटों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह अंतर भारत के इतिहास में अब तक का सबसे ज्यादा है। सुनेत्रा पूर्व डिप्टी CM अजित पवार की पत्नी हैं, जिनका 28 जनवरी 2026 को विमान हादसे में निधन हो गया था। बारामती अजित पवार की पारंपरिक सीट रही है। यहां से सुनेत्रा की जीत लगभग तय थी। उनके खिलाफ 22 निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में थे। महाराष्ट्र के राहुरी सीट से भाजपा के अक्षय कार्डिले जीत गए हैं। भाजपा ने गुजरात, नगालैंड और त्रिपुरा की 1-1 सीट भी जीत ली है। कर्नाटक के बागलकोट में कांग्रेस उम्मीदवार जीते हैं। राज्य की दूसरी सीट, दावणगेरे साउथ पर कांग्रेस लगातार बढ़त बनाए हुए है। उपचुनाव वालीं सभी 7 सीटें पूर्व विधायकों की मौत के कारण खाली हुई थीं। कर्नाटक, नगालैंड और त्रिपुरा में 9 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। गुजरात की लिमखेड़ा और महाराष्ट्र के बारामती और राहुरी सीट पर 23 अप्रैल को वोटिंग हुई थी।

बारामती में मिली जीत के बाद सुनेत्रा पवार ने जनता का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि यह जीत लोगों के भरोसे, प्यार और समर्थन का नतीजा है, जिसे वे हमेशा याद रखेंगे।

उन्होंने अजित पवार को याद करते हुए कहा कि यह जीत उनके काम और यादों को समर्पित है। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं और सहयोगी दलों का आभार जताया और भरोसा दिलाया कि वे सभी वर्गों के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे और जनता के विश्वास पर खरा उतरेंगे।

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा- डिप्टी चीफ मिनिस्टर सुनेत्रा पवार को दो लाख से ज्यादा वोटों से जीतने पर बधाई। बारामती के लोगों ने सुनेत्रा को रिकॉर्ड मार्जिन से चुनकर अजीत दादा को दिल से श्रद्धांजलि दी है। इसमें कोई शक नहीं कि सुनेत्रा ताई बारामती के विकास और तरक्की का वह सपना पूरा करेंगी, जो अजीतदादा पवार ने देखा था।

महाराष्ट्र के राहुरी में भाजपा उम्मीदवार अक्षय कार्डिले ने बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने NCP (शरद गुट) के गोविंद मोकाटे को 1,07,485 वोटों के अंतर से हराया है। गोविंद मोकाटे को 27,386 वोट मिले।