अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर जल्द ही स्पेस स्टेशन ने वापस लौटेंगे। NASA ने मंगलवार को बताया कि मार्च के बीच में उन्हें वापस लाया जाएगा। दोनों अंतरिक्ष यात्री बीते 8 महीने से स्पेस स्टेशन में फंसे हुए हैं। इससे पहले अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी के लिए मार्च अंत या अप्रैल की समय सीमा तय की गई थी। उन्हें स्पेसएक्स के कैप्सूल से वापस लाया जाएगा। सुनीता विलियम्स पिछले साल 5 जून को बुच विल्मोर के साथ ISS पर पहुंची थीं। उन्हें एक सप्ताह के बाद लौटना था। दोनों बोइंग के नए स्टारलाइनर कैप्सूल के टेस्ट के लिए गए थे, लेकिन इसमें खराबी आने के बाद दोनों ISS पर ही रुक गए। इसके बाद से दोनों वहीं फंसे हुए हैं। इससे पहले नासा ने सुनीता और बुच विल्मोर को फरवरी 2025 में इलॉन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट से वापस लाने की जानकारी दी थी। हालांकि ऐसा नहीं हो पाया। अमेरिका के नये राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने स्पेस एक्स के CEO इलॉन मस्क से अंतरिक्ष में फंसी सुनीता विलियम्स और उनके सहयोगी बुच विल्मोर को वापस लाने का काम सौंपा है। दोनों वैज्ञानिक पिछले साल जून से अंतरिक्ष में फंसे हुए हैं।
ट्रम्प ने पिछले महीने सोशल मीडिया पर लिखा- मैंने मस्क से उन दो ‘बहादुर अंतरिक्ष यात्रियों’ को वापस लाने को कहा है। इन्हें बाइडेन प्रशासन ने अंतरिक्ष में छोड़ दिया है। वे अंतरिक्ष स्टेशन पर कई महीनों से इंतजार कर रहे हैं। मस्क जल्द ही इस काम में लग जाएंगे। उम्मीद है कि सभी सुरक्षित होंगे। मस्क ने इसके जवाब में कहा कि हम ऐसा ही करेंगे। यह भयानक है कि बाइडेन प्रशासन ने उन्हें इतने लंबे वक्त तक वहां छोड़ रखा है।