गुजरात के सूरत में 24 घंटे में 24 इंच बारिश, केरल में लैंडस्लाइड से 4 की मौत
गुजरात में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। सूरत में सबसे अधिक 24 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि 12 अन्य क्षेत्रों में 10 इंच से अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को गुजरात और केरल राज्य के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। केरल में भी लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ और लैंडस्लाइड जैसे हालात हैं। इडुक्की और कोट्टायम जिलों में अलग-अलग लैंडस्लाइड की घटनाओं में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, गोवा और कर्नाटक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और बिहार समेत 12 राज्यों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-श्रीनगर हाईवे भारी बारिश के चलते बंद है। इसके चलते जम्मू से अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई है।
दक्षिण कन्नड़ में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, इसके चलते स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी का ऐलान किया गया है।
उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग जिले में भारी बारिश हो रही है। स्थानीय प्रशासन ने एहतियात के तौर पर केदारनाथ यात्रा रोक दी है।
असम में बाढ़ प्रभावितों के लिए बिजनेसमैन गौतम अडाणी ने 11 करोड़ रुपए की मदद CM फंड में भेजी है।
मानसून की बारिश और मौसम में बदलाव के बीच दिल्ली-NCR में H1N1 इन्फ्लूएंजा के मामले बढ़ गए हैं। AIIMS दिल्ली के मेडिसिन विभाग में मेडिसिन के प्रोफेसर डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया मानसून के दौरान तापमान कम हो जाता है। तापमान में बदलाव के कारण इन्फ्लूएंजा वायरस ज्यादा फैल रहा है। मरीजों को गले में खराश, नाक बहना, सूखी खांसी और सिरदर्द जैसी समस्याएं हो रही हैं।
