थाईलैंड में सिर्फ 24 घंटे के लिए PM बने सूर्या, मौसम वैज्ञानिक नाम से मशहूर

थाईलैंड में राजनीतिक उथल-पुथल के बीच बुधवार को सूर्या जुंगरुंगरेंगकिट को देश का कार्यवाहक प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है। 70 वर्षीय सूर्या सिर्फ 24 घंटे के लिए प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी संभालेंगे। उन्होंने निलंबित प्रधानमंत्री पाइतोंग्तार्न शिनावात्रा की जगह ली है, जिन्हें संवैधानिक अदालत के आदेश के बाद पद से हटाया गया था।
सूर्या को थाई राजनीति में ‘मौसम विज्ञानी’ कहा जाता है, क्योंकि वे हमेशा सत्ताधारी पार्टी के साथ सरकार में रहे हैं। बैंकॉक पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, थाईलैंड में गुरुवार को मंत्रिमंडल में फेरबदल होना तय है। गृह मंत्री फुमथम वेचायाचाई को उप प्रधानमंत्री के रूप में शपथ दिलाई जा सकती है। उनके कार्यभार संभालने के बाद सूर्या का कार्यवाहक प्रधानमंत्री के तौर पर कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। थाईलैंड की संवैधानिक अदालत ने मंगलवार को प्रधानमंत्री पैतोंगटार्न शिनावात्रा को सस्पेंड कर दिया था।
दरअसल, PM पाइतोंग्तार्न का कंबोडिया के नेता के साथ बातचीत का एक वीडियो लीक हो गया था। इसमें PM पाइतोंग्तार्न, कंबोडिया के नेता हुन सेन को ‘चाचा’ कहती है और थाई सेना प्रमुख को अपना विरोधी बताती हैं। कंबोडिया और थाईलैंड के बीच सीमा विवाद चल रहा है। ऐसे में विपक्षी पार्टी ने इसे मुद्दा बना लिया। PM पर कंबोडिया के सामने झुकने और सेना को कमजोर करने के आरोप लगे। सीमा विवाद के दौरान हुई इस टिप्पणी के कारण पैतोंगतार्न पर इसके चलते उनकी लोकप्रियता घटी, गठबंधन के कुछ साथी दलों ने साथ छोड़ दिया और हजारों लोग विरोध में सड़कों पर उतर आए। कोर्ट ने कहा कि पाइतोंग्तार्न ने मंत्री पद की नैतिकता का उल्लंघन किया है। इसके बाद उन्हें पद से हटा दिया।