टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव लगातार दूसरी बार ICC मेंस टी-20 प्लेयर ऑफ द ईयर चुने गए हैं। साल 2022 के लिए भी यादव को अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। ICC मेंस टी-20 प्लेयर ऑफ द ईयर के लिए सिकंदर रजा, अल्पेश रमजानी और मार्क चापमन भी नॉमिनेट हुए थे, जिसमें से सूर्या ने पुरस्कार जीता।
सूर्यकुमार यादव ने साल 2023 में 18 टी-20 इंटरनेशनल मैच में 733 रन बनाए हैं। सूर्यकुमार यादव साल 2023 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बने। उन्होंने 17 पारियों में 48.86 की औसत और 155.95 की स्ट्राइक रेट से 733 रन बनाए।
वे 2023 में UAE के मुहम्मद वसीम और युगांडा के रोजर मुकासा के बाद इस फॉर्मेट में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। UAE स्टार ने 23 मैचों में 863 रन बनाए, जबकि युगांडा के खिलाड़ी ने साल में 31 मैचों में 738 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने साल 2023 में 2 शतक लगाए। इसमें से पहला शतक जनवरी में श्रीलंका के खिलाफ आया, जहां 51 गेंदों में 112 रनों की पारी में नौ छक्के और सात चौके शामिल थे। वहीं, दूसरा शतक साल के आखिरी टी-20 मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ आया, जहां उन्होंने 100 रन की पारी खेली।
यादव टी-20 इंटरनेशनल में शतक लगाने के मामले में ग्लेन मैक्सवेल के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर है, दोनों ने 4-4 शतक लगाए हैं। पहले नंबर पर 5 शतक के साथ रोहित शर्मा लिस्ट में टॉप पर हैं।