कश्मीर में ये किस खतरे की आहट? जम्मू में 4 संदिग्धों ने छीनी एक शख्स की कार…
जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. इसकी वजह है कि सांबा जिले का एक कांड. दरअसल, सांबा जिले के राख बरोतियन इलाके में चार अज्ञात संदिग्धों ने एक व्यक्ति की कार जबरन छीन ली और जम्मू की ओर फरार हो गए. यह घटना ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्र में पहले से ही हाई अलर्ट है और हाल ही में आतंकी सैफुल्ला को मारा गया है. अब सवाल है कि क्या यह कोई बड़ा खतरा का संकेत है या महज अपराध? फिलहाल, पुलिस जांच में जुटी है.
दरअसल, जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में आज यानी सोमवार सुबह चार संदिग्धों ने जबरन एक शख्स की कार छीन ली है. वे चारों संदिग्ध उस कार में सवार होकर जम्मू के रिंग-रोड की ओर फरार हुए हैं. पुलिस ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है. पुलिस फिलहाल मामले को मसझने में जुटी है. पुलिस ने नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और संदिग्धों की तलाश जारी है. अभी तक उस कार का पता नहीं चल पाया है. यह भी नहीं पता चल पाया है कि वे चारों संदिग्ध महज चोर हैं या कोई आतंकवादी? अगर वे चारों संदिग्ध आतंकी निकलते हैं तो यह जम्मू-कश्मीर के लिए बड़े खतरे की आहट है.
पुलिस के मुताबिक, ये चारों अज्ञात बताए जा रहे हैं. अभी तक उनका कुछ अता-पता नहीं चल पाया है. बताया जा रहा है कि कार पंजाब में रजिस्टर्ड थी और जम्मू की ओर जा रही थी. सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने वाहन पर कब्जा करने के बाद उसे रिंग रोड, जम्मू की तरफ ले गए.
अधिकारियों ने भरोसा जताया है कि वाहन को जल्द बरामद कर लिया जाएगा और संदिग्धों को गिरफ्तार किया जाएगा. लेकिन इस घटना ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सांबा जिला अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा हुआ है, जहां अक्सर घुसपैठ या आतंकी गतिविधियों की आशंका रहती है. हाल ही में एक स्कूल के लॉन पर टॉय ड्रोन मिला था, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. क्या कार छीनने की घटना का कोई आतंकी कनेक्शन है.
जम्मू जोन के आईजी बीएस तुती ने दिया बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि जम्मू संभाग में मौजूदा समय में लगभग 20 आतंकी सक्रिय हैं. उन्होंने यह भी कहा कि इन सभी की पहचान विदेशी आतंकियों के रूप में हुई है. और सुरक्षा एजेंसियां इन आतंकियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और उन्हें निष्प्रभावी करने के लिए समन्वित अभियान चलाए जा रहे हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं.
