सीएम शुभेंदु अधिकारी बोले- बंगाल में UCC लागू होगा, लैंड जिहाद, लव जिहाद और जबरन धर्मांतरण पर कानून लाएंगे

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करेगी। लैंड जिहाद, लव जिहाद और जबरन धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून भी लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग अवैध तरीके से भारत में आए हैं। देश की संस्कृति या राष्ट्रीय सुरक्षा के खिलाफ गतिविधियों में शामिल हैं, उन्हें राज्य में रहने नहीं दिया जाएगा। अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें उनके देश वापस भेजा जाएगा। वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने पर कोलकाता के रवींद्र सदन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शुभेंदु ने ये बातें कही।

सीमा सुरक्षा मजबूत करने के लिए आवश्यक जमीन उपलब्ध कराई गई है। सीमावर्ती जिलों में होल्डिंग सेंटर बनाए गए हैं, जहां अवैध घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें उनके मूल स्थान पर भेजा जाएगा। धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत आए हिंदू शरणार्थी घुसपैठिए नहीं हैं। ऐसे लोगों को नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के तहत भारतीय नागरिकता दी जाएगी।
सेना के अपमान की अनुमती नहीं- जो लोग भारतीय सेना का अपमान करते हैं, ऑपरेशन सिंदूर का विरोध करते हैं या पहलगाम आतंकी हमले पर चुप रहते हैं, उन्हें ऐसी गतिविधियां करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘एक देश, एक विधान, एक प्रधान, एक निशान’ के विचार के प्रति उनकी सरकार प्रतिबद्ध है। साथ ही बंगाल की सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय चरित्र को कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि आपातकाल का विरोध करने वालों को 9 अगस्त को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए ‘लोकतंत्र सेनानी’ समन्वय समिति बनाई जाएगी। पात्र लोगों को सरकारी मान्यता प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सामाजिक, संवैधानिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत और सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। कार्यक्रम के बाद अधिकारी ने भवानीपुर में भाजपा के नए कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि हर महीने दो दिन वह वहां लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे।