Swara Bhasker: स्वरा भास्कर के घर गूंजी किलकारी, बेटी को दिया जन्म

मनोरंजन

अभिनेत्री स्वरा भास्कर के घर किलकारी गूंजी है। स्वरा भास्कर और फहाद अहमद अब माता-पिता बन चुके हैं। उन्होंने अपने पहले बच्चे का स्वागत किया। कपल के घर में नन्ही परी का जन्म हुआ है, जिसकी घोषणा स्वरा भास्कर ने सोशल मीडिया पर की। अपनी बेटी के नाम का खुलासा करते हुए उन्होंने कई तस्वीरें भी साझा कीं।

स्वरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह खुशखबरी फैंस के साथ साझा की। उन्होंने कई प्यारी तस्वीरें साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, ‘एक प्रार्थना सुनी गई, एक आशीर्वाद दिया गया, एक गीत फुसफुसाया गया, एक रहस्यमय सत्य। हमारी बच्ची राबिया का जन्म 23 सितंबर 2023 को हुआ। हम आभारी हैं और प्रसन्न मन से आपके प्यार के लिए धन्यवाद देते हैं। यह एक बिल्कुल नई दुनिया है।

इन तस्वीरों में स्वरा और फहाद राबिया को गोद में लिए नजर आ रहे हैं। वहीं अन्य तस्वीरें अस्पताल की हैं, जिनमें स्वरा लेटी हुई हैं और बच्ची को उन्होंने प्यार से सीने से लगा रखा है। वहीं एक तस्वीर में फहाद भी अपनी नन्ही बेटी पर प्यार लुटाते नजर आ रहे हैं। वह सोफे पर बैठे हुए राबिया को गोद में लिए नजर आ रहे हैं। फैंस यह खुशखबरी सुन कपल को जमकर बधाई दे रहे हैं।

फरवरी में स्वरा ने घोषणा की थी कि उन्होंने छह जनवरी, 2023 को राजनीतिक कार्यकर्ता फहाद अहमद के साथ कोर्ट मैरिज की है। फहाद अहमद समाजवादी पार्टी के राज्य युवा अध्यक्ष हैं। इंस्टाग्राम पर अपनी प्रेम कहानी बताते हुए एक वीडियो साझा करते हुए स्वरा ने खुलासा किया कि दोनों एक विरोध प्रदर्शन के दौरान मिले थे और मुलाकातों के दौरान उन्हें एक-दूसरे से प्यार हो गया।

जून 2023 में स्वरा ने अपनी गर्भावस्था की खुशखबरी साझा की। उन्होंने अपने बेबी बंप की तस्वीरें साझा की थीं और बताया था कि वह अक्तूबर में पहले बच्चे के स्वागत करने की उम्मीद कर रहे हैं। वहीं अब उन्होंने 23 सितंबर को बेटी का स्वागत किया और 25 सितंबर को यह खबर फैंस के साथ साझा की। सोशल मीडिया पर ये तस्वीरें वायरल हो रही हैं।