तमिल एक्ट्रेस सुभाषिनी ने की आत्महत्या, वीडियो कॉल पर पति के आंखों के सामने दे दी जान

तमिल एक्ट्रेस सुभाषिनी ने चेन्नई वाले अपने घर में आत्महत्या कर ली। श्रीलंका की 36 साल की टेलिविजन एक्ट्रेस सुभाषिनी उर्फ सस्विबाला ने रविवार रात चेन्नई के पोरूर के पास अय्यप्पनथंगल स्थित अपने किराए के अपार्टमेंट में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि एक्ट्रेस ने घरेलू विवाद के बाद ये कदम उठाया। जानकारी के मुताबिक, पति से वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान सुभाषिनी ने अपनी जान दे दी।

सुभाषिनी ने टेलीविजन सीरियलों में सपोर्टिंग एक्ट्रेस की भूमिकाएं निभाई थीं। उन्होंने कई फिल्मों में भी काम किया था। एक्ट्रेस ने अप्रैल 2024 में बेंगलुरु के रहने वाले बिपिन चंद्रन (38) से शादी की थी। सुभाषिनी बेंगलुरु में पति के साथ रह रही थीं। पुलिस ने बताया कि उन्होंने चेन्नई में शूटिंग के दौरान रहने के लिए अय्यप्पनथंगल स्थित में एक अपार्टमेंट किराए पर लिया था और 3 मार्च को चेन्नई पहुंची थीं।

रविवार रात एक्ट्रेस अपने पति से वीडियो कॉल पर बात कर रही थीं। बताया जाता है कि उसी दौरान किसी घरेलू मुद्दे पर उनके बीच बहस छिड़ गई। वीडियो कॉल के दौरान ही एक्ट्रेस ने कथित तौर पर अपार्टमेंट के अंदर छत के पंखे से फांसी लगा ली और आत्महत्या कर ली। जब एक्ट्रेस अपनी जिंदगी खत्म करने के लिए ये भयानक कदम उठा रही थीं तो पति वीडियो कॉल पर ये देख रहे थे। उनके पति ने अपार्टमेंट के गार्ड को खबर दी, जिन्होंने पोरूर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उनका शव बरामद किया। उन्हें पूनमल्ली सरकारी अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

इस घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी किलपॉक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने एक्ट्रेस का ये मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। चूंकि शादी दो साल पहले हुई थी, इसलिए राजस्व मंडल अधिकारी (आरडीओ) ने इस मामले में जांच का भी आदेश दिया है।