Tamil Nadu Assembly Election 2026: चेन्नई में चुनावी तैयारियां तेज, आचार संहिता लागू

तमिलनाडु विधानसभा आम चुनाव 2026 की घोषणा होते ही चेन्नई जिले में चुनावी हलचल तेज हो गई है। चुनाव आयोग की अधिसूचना के साथ ही जिले भर में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है और सभी स्तरों पर तैयारियों का आगाज हो चुका है। रविवार को भारतीय चुनाव आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी की गई। चेन्नई जिला चुनाव अधिकारी एवं ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन के कमिश्नर जे. कुमारगुरुबरन के नेतृत्व में सोमवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ परामर्श बैठक रिपन बिल्डिंग सभागार में हुई। अधिसूचना के मुताबिक, नामांकन दाखिल करने की तारीख 30 मार्च से 6 अप्रैल तक निर्धारित की गई है। 7 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 9 अप्रैल रखी गई है। मतदान 23 अप्रैल को होगा और मतगणना 4 मई को की जाएगी। अधिसूचना जारी होते ही जिले भर में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।

इस बार उम्मीदवारों के लिए जमानत राशि 10,000 रुपए तय की गई है। अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के उम्मीदवारों को इसमें 50 प्रतिशत छूट मिलेगी। चुनाव खर्च की सीमा 40 लाख रुपए निर्धारित की गई है। चुनाव संचालन को लेकर सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए चेन्नई प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।