तमिलनाडु में दरगाह के सामने दीपस्तंभ पर आज दीप जलेगा, CISF तैनात, इलाके में बैरिकेडिंग

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर तमिलनाडु के मदुरै की तिरुपरंकुंड्रम पहाड़ी पर बने दीपस्तंभ पर आज दीप जलाया जाएगा। पहाड़ी की तलहटी से ऊपर तक बैरिकेडिंग है, CRPF के सैकड़ों जवान तैनात हैं। मदुरै में कार्तिक पूर्णिमा पर ‘कार्तिगई दीपम’ की रस्म के तहत पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ यानी दीपथून पर दीप जलाया जाता है। इससे करीब 15 मीटर दूर सिकंदर दरगाह स्थित है। इसी जगह दीप जलाने की मांग को लेकर विवाद शुरू हुआ था।

सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी, लेकिन राज्य सरकार और मंदिर ट्रस्ट ने वहां दीप नहीं जलाया। कोर्ट ने 27 नवंबर को मामले की सुनवाई के दौरान तमिलनाडु सरकार को फटकार लगाई और आज दीप जलाने का दोबारा आदेश दिया।

कोर्ट ने दीप जलाने के पिछले आदेश का पालन न होने पर मंदिर ट्रस्ट बोर्ड निलंबित कर, प्रशासन दो पूर्व जजों को सौंप दिया था। आज के समारोह में आम लोगों को भी शामिल होने की अनुमति दी है।

24 नवंबर को कार्तिगई दीपम पर उचि पिल्लैयार मंदिर के पास बने पारंपरिक दीपा मंडपम में दीप जलाया गया था, जबकि पहाड़ी के विवादित पत्थर के स्तंभ यानी दीपस्तंभ पर सिर्फ इलेक्ट्रिक लाइट जलती दिखाई दी थी। इस बार श्रद्धालु दीपा मंडपम के साथ दीपस्तंभ पर भी दीप जलाने की मांग कर रहे थे।

सुप्रीम कोर्ट ने 27 नवंबर को आदेश दिया कि दीपस्तंभ पर 24 नवंबर को उचि पिल्लैयार मंदिर के मंडपम में जलाई गई लौ से दीप जलाया जाए। हालांकि, कोर्ट को बताया गया कि वह लौ बुझ चुकी है। इसके बाद आज दीपस्तंभ पर नए सिरे से लौ जलाने का निर्देश दिया गया।