दादी की डांट से छोड़ा घर, रास्ते में हुई हैवानियत.. लिफ्ट के बहाने नाबालिग से टैंकर ड्राइवर ने किया दुष्कर्म

मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिला अंतर्गत गोटेगांव थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां सहायता के बहाने एक 26 वर्षीय शादीशुदा पेट्रोल टैंकर चालक ने 16 साल की एक नाबालिग लड़की को अपनी दरिंदगी का शिकार बनाया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पीड़िता की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की और आरोपित ड्राइवर को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध पॉक्सो (POCSO) एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोटेगांव थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण इलाके की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी का शुक्रवार की सुबह अपनी दादी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। दादी की डांट से क्षुब्ध होकर वह तड़के सुबह ही घर छोड़कर निकल गई। पैदल चलते हुए वह सुबह करीब 6 बजे गोटेगांव मुख्य मार्ग पर पहुंची और वहां से नरसिंहपुर की ओर बढ़ने लगी। सुबह लगभग 10 बजे नरसिंहपुर रोड पर उसने एक गुजरते हुए पेट्रोल टैंकर को रुकवाया और चालक से लिफ्ट मांगी। पीड़िता ने चालक से उसे नरसिंहपुर के डोकरघाट स्थित प्रसिद्ध दादा महाराज मंदिर के पास छोड़ने का अनुरोध किया था।

आरोपित ड्राइवर ने पहले तो उसे गाड़ी में बैठा लिया, लेकिन गंतव्य (दादा महाराज मंदिर) आने के बाद भी उसने टैंकर नहीं रोका। जब पीड़िता ने आपत्ति जताई, तो आरोपित उसे बहलाने-फुसलाने लगा। उसने किशोरी से कहा, “मैं तुम्हें छिंदवाड़ा घुमाकर लाता हूं।” इसके बाद वह टैंकर को जबरन छिंदवाड़ा मार्ग की तरफ ले गया। स्टेट हाईवे पर उस दिन भारी जाम लगा हुआ था, जिसके कारण सफर में काफी वक्त लग गया और देखते ही देखते शाम ढल गई और चारों तरफ अंधेरा घिर आया। अंधेरे और सुनसान इलाके का लाभ उठाकर आरोपित ने टैंकर को एक वीरान जगह पर खड़ा कर दिया। इसके बाद उसने टैंकर के केबिन के अंदर ही नाबालिग के साथ जबरन दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस खौफनाक कृत्य के बाद आरोपित टैंकर को लेकर एक पेट्रोल पंप पर पहुंचा, जहां वह ईंधन खाली कर रहा था। डरी-सहमी पीड़िता ने वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित ने उसे दोबारा पकड़ लिया।

जब पीड़िता रोते हुए घर जाने की मिन्नतें करने लगी, तो आरोपित ने कहा कि वह वापस शहपुरा जा रहा है और उसे गोटेगांव बाईपास पर छोड़ देगा। भय के कारण पीड़िता दोबारा गाड़ी में बैठ गई और रास्ते में उसने आरोपित के ही मोबाइल से किसी तरह अपने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी।

आरोपित ड्राइवर पीड़िता को गोटेगांव बाईपास के पास छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहां से बदहवास हालत में रोते हुए किशोरी अपने परिजनों के पास पहुंची और पूरी आपबीती सुनाई। घटना की गंभीरता को देखते हुए परिजन रात में ही उसे लेकर गोटेगांव थाना पहुंचे। पुलिस ने बिना देर किए मामला दर्ज कर घेराबंदी की और आरोपित चालक को धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपित की पहचान रविंद्र कुमार यादव (उम्र 26 वर्ष), निवासी रीवा के रूप में हुई है। आरोपित शादीशुदा है और जबलपुर जिले के शहपुरा स्थित पेट्रोलियम प्लांट से डीजल-पेट्रोल की सप्लाई का काम करता है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।