‘मेरे कर्मों ने संस्था की साख गिराई…’, एपस्टीन मामले में स्टाफ के सामने छलका गेट्स का दर्द, मांगी माफी

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों में शुमार बिल गेट्स इन दिनों बड़े विवाद के केंद्र में बने हुए हैं. ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, गेट्स ने अपने चैरिटी फाउंडेशन के कर्मचारियों के साथ एक ‘टाउन हॉल’ बैठक में स्वीकार किया कि जेफरी एपस्टीन जैसे अपराधी के साथ समय बिताना उनकी जिंदगी की “सबसे बड़ी गलती” थी.
हाल ही में अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी ‘एपस्टीन फाइल्स’ में बिल गेट्स का नाम आने के बाद उन पर दबाव बढ़ गया था. गेट्स ने स्वीकार किया कि उनके एपस्टीन के साथ संबंध 2011 में शुरू हुए थे, जबकि उन्हें पता था कि एपस्टीन पर नाबालिगों के यौन शोषण के आरोप हैं. उन्होंने यह भी माना कि उनकी पूर्व पत्नी मेलिंडा गेट्स ने 2013 में ही उन्हें एपस्टीन से दूर रहने की चेतावनी दी थी, जिसे उन्होंने अनसुना कर दिया. विवाद को और हवा तब मिली जब गेट्स ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया कि उनके दो रूसी महिलाओं (एक ब्रिज प्लेयर और एक न्यूक्लियर फिजिसिस्ट) के साथ अफेयर थे.

उन्होंने स्पष्ट किया कि ये महिलाएं एपस्टीन की शिकार नहीं थीं, लेकिन एपस्टीन को इन संबंधों के बारे में पता चल गया था. गेट्स ने जोर देकर कहा कि उन्होंने कुछ भी अवैध नहीं किया, लेकिन उनके इन फैसलों ने ‘गेट्स फाउंडेशन’ की छवि को नुकसान पहुंचाया है.

गेट्स ने कहा कि हाल ही में जारी एपस्टीन फाइल्स में जिन तस्वीरों में वह कुछ महिलाओं के साथ दिखाई दे रहे हैं, वे तस्वीरें एपस्टीन के कहने पर उसकी सहायिकाओं के साथ बैठकों के बाद ली गई थीं. उन्होंने स्पष्ट किया, “मैंने कभी भी उसकी पीड़िताओं या उसके आसपास की महिलाओं के साथ समय नहीं बिताया.” उन्होंने माना कि एपस्टीन के साथ समय बिताना और गेट्स फाउंडेशन के अधिकारियों को उससे मिलवाना “बहुत बड़ी गलती” थी. गेट्स ने कहा, “मेरी गलती के कारण जो लोग इस विवाद में घसीटे गए, उनसे मैं माफी मांगता हूं.” गेट्स ने बताया कि उन्होंने एपस्टीन से पहली बार 2011 में मुलाकात की थी, जबकि 2008 में एपस्टीन एक नाबालिग को वेश्यावृत्ति के लिए उकसाने के मामले में दोष स्वीकार कर चुका था.

गेट्स ने कहा कि उन्होंने एपस्टीन की बैकग्राउंड की “ठीक से जांच” नहीं की, जबकि उन्हें उसकी यात्रा पर लगे 18 महीने के प्रतिबंध की जानकारी थी. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि 2013 में उनकी तत्कालीन पत्नी मेलिंडा फ्रेंच गेट्स द्वारा चिंता जताने के बाद भी उन्होंने एपस्टीन से मिलना जारी रखा. पूर्व पत्नी के बारे में उन्होंने कहा, “उन्हें श्रेय देना चाहिए, वह एपस्टीन के मामले में हमेशा संदेह करती थीं.”

रिपोर्ट के मुताबिक, गेट्स ने स्टाफ को बताया कि वह 2014 तक एपस्टीन से मिलते रहे. उन्होंने एपस्टीन के निजी जेट से यात्रा की और जर्मनी, फ्रांस, न्यूयॉर्क और वाशिंगटन में उसके साथ समय बिताया. हालांकि उन्होंने कहा कि वह कभी उसके घर या द्वीप पर रातभर नहीं ठहरे.

गेट्स ने माना कि एपस्टीन से उनके संबंध और हाल ही में सामने आए ईमेल्स ने गेट्स फाउंडेशन की छवि पर असर डाला है. उन्होंने कहा, “यह फाउंडेशन के मूल्यों और उद्देश्यों के बिल्कुल विपरीत है. हमारा काम प्रतिष्ठा के प्रति बेहद संवेदनशील है. लोग हमारे साथ काम करना चाहें या न चाहें, यह उन पर निर्भर है.”

गेट्स फाउंडेशन के एक प्रवक्ता ने कहा कि गेट्स साल में दो बार टाउनहॉल करते हैं और इस बार उन्होंने खुलकर सवालों के जवाब दिए तथा अपने कार्यों की जिम्मेदारी ली. गेट्स ने कहा कि एपस्टीन अक्सर यह दावा करता था कि उसके कई अरबपतियों, खासकर वॉल स्ट्रीट के उद्योगपतियों से करीबी संबंध हैं और वह वैश्विक स्वास्थ्य जैसे मुद्दों के लिए धन जुटाने में मदद कर सकता है.गेट्स ने स्वीकार किया कि इन बैठकों में अन्य प्रतिष्ठित लोगों की मौजूदगी से उन्हें यह स्थिति “सामान्य” लगी. उन्होंने यह भी माना कि एपस्टीन से उनका जुड़ाव अपराधी की छवि सुधारने में मददगार साबित हुआ.