BIG NEWS : यौन उत्पीड़न केस में तरुण तेजपाल को 10 साल की सजा

तहलका के पूर्व एडिटर-इन-चीफ तरुण तेजपाल से जुड़े 13 साल पुराने यौन उत्पीड़न मामले में बड़ा मोड़ आया है. बॉम्बे हाई कोर्ट ने गुरुवार को उन्हें दोषी करार दिया. कोर्ट ने गोवा की ट्रायल कोर्ट के उस फैसले को पलट दिया, जिसमें 2021 में तेजपाल को बरी कर दिया गया था. मामला 2013 का है, जब एक महिला सहकर्मी ने तेजपाल पर गोवा के एक फाइव स्टार होटल की लिफ्ट में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. अब उन्हें दस साल जेल की सजा सुनाई गई है.

यह मामला तब सामने आया था, जब तेजपाल की एक जूनियर महिला सहकर्मी ने उन पर होटल की लिफ्ट में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया. घटना के बाद मामला राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आया. तेजपाल ने आरोपों से इनकार किया था, लेकिन इस विवाद के बाद उन्होंने तहलका के एडिटर-इन-चीफ पद से इस्तीफा दे दिया था.

मामले में लंबी कानूनी प्रक्रिया चली. गोवा की ट्रायल कोर्ट ने 2021 में सबूतों और मामले की सुनवाई के बाद तेजपाल को बरी कर दिया था. इसके बाद गोवा सरकार ने इस फैसले को बॉम्बे हाई कोर्ट में चुनौती दी. हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान होटल की लिफ्ट से जुड़ी वीडियो क्लिप समेत कई सबूतों और दलीलों पर गौर किया गया.