टटीरी गाना विवादः महिला आयोग के सामने पेश नहीं हुए बादशाह, गिरफ्तारी के आदेश, पासपोर्ट भी होगा जब्त

टटीरी गाने से विवाद में फंसे सिंगर और रैपर बादशाह की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं. हरियाणा महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने उनकी गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं. महिला आयोग ने शुक्रवार के लिए बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह को नोटिस देकर बुलाया था, लेकिन वह आयोग के पास समक्ष पेश नहीं हुए और महिला आयोग ने सख्ती दिखाते हुए उनकी गिरफ्तारी के आदेश जारी किए.

महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने पनपी पुलिस और पंचकूला पुलिस को रैपर बादशाह के पासपोर्ट भी जब्त करने के आदेश दिए. चेयरपर्सन भाटिया ने कहा कि कहीं भी बादशाह का शो नहीं होने दिया जाएगा और प्रदेश में सभी जगह नोटिस भेजा गया. साथ ही बादशाह के पासपोर्ट को भी जब्त करने की अपील की गई है. उन्होंने बताया कि उत्तराखंड महिला आयोग भी इस मामले में हरियाणा का सहयोग करेगा. चेयरपर्सन भाटिया ने कहा कि हरियाणा की बेटियों की सुरक्षा के लिए आयोग हमेशा तत्पर है.

इसले पहले, बादशाह के वकील अक्षय दहिया पानीपत में महिला आयोग के सामने पेश हुए. उन्होंने कहा कि बादशाह ने जो गलती की, उसके लिए उन्होंने माफी मांगी है. एडवोकेट ने कहा कि बादशाह पहले से ही तय कार्यक्रम की वजह से आज आयोग के सामने नहीं पेश हो पाए और वह आयोग के सामने उनका पक्ष रखने आएं हैं.

दरअसल, सिंगर बादशाह का हाल ही में एक गाना आया था, जिसमें वह लड़कियों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे. हरियाणा रोडवेज की बस पर यह गाना शूट किया गया था, जिसके लिए कोई परमिशन भी नहीं ली गई थी. विवाद होने के बाद पंचकूला में बादशाह के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया है. हरियाणा महिला आयोग ने भी गाने पर आपत्ति जताते हुए बादशाह को नोटिस भेजा था. हालांकि, विवाद के बाद बादशाह ने इस गाने को हर प्लेटफॉर्म से हटा दिया था और साथ ही माफी भी मांगी थी. हालांकि, शुक्रवार को महिला आयोग ने बादशाह को बुलाया था.