मेरठ में ‘गुरु’ की हैवानियत: 10वीं के छात्र को जड़े ताबड़तोड़ थप्पड़, रोंगटे खड़े कर देने वाला VIDEO वायरल

मेरठ : हस्तिनापुर कस्बे के पीएम श्री राजकीय इंटर कालेज में कक्षा दस के 13 वर्षीय छात्र की शिक्षक द्वारा कथित रूप से बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

दावा किया गया कि छात्र को ताबड़तोड़ थप्पड़ मारे गए। इससे कालेज में हड़कंप मच गया। छात्र के स्वजन ने कालेज पहुंचकर प्रधानाचार्य से शिकायत करने के साथ ही शिक्षक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीडित पिता रमेश निवासी मकदूमपुर कालोनी ने थाना पर तहरीर देते हुए बताया कि उसका पुत्र सागर पीएम श्री राजकीय इंटर कालेज में कक्षा दस में पढ़ता है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार को दोपहर करीब 12 बजे कालेज के उक्त शिक्षक कक्षा में पहुंचे और किसी बात को लेकर छात्र की पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीटा।

परिजन ने छात्र के चीखने-चिल्लाने के बावजूद पिटाई किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद छात्र के शरीर में गुम चोटें आईं और वह मानसिक रूप से परेशान है। इसी दौरान किसी के द्वारा छात्र की पिटाई का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो में शिक्षक छात्र के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहा है। आरोप है कि शिक्षक पहले से ही उनके बेटे से ईर्ष्या रखते हैं तथा उसे डांटते-फटकारते हैं तथा स्कूल से नाम काटने की धमकी दी। इसकी शिकायत परिजन ने प्रधानाचार्य अमित कुमार से की। तत्पश्चात थाने पर तहरीर दी हैं।

प्रधानाचार्य अमित कुमार ने बताया कि छात्र के परिजन ने शिक्षक द्वारा पिटाई की शिकायत की है। मामले की जानकारी की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष कमल शंकर त्रिवेदी का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वीडियो और अन्य तथ्यों की भी जांच की जाएगी।