गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : प्राइमरी स्कूल में शिक्षकों की कमी, बच्चे खुद खोल रहे ताला..

छत्तीसगढ़ : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के सरकारी प्राइमरी स्कूल में शिक्षक नदारद हैं। जिसके कारण छोटे-छोटे बच्चे खुद स्कूल का ताला खोलकर कक्षाओं में आ रहे हैं। उन्हें पढ़ाने वाला कोई नहीं होता, जिससे उनकी पढ़ाई पूरी तरह ठप है। शिक्षकों की अनुपस्थिति के कारण उन्हें बिना पढ़ाई किए ही वापस लौटना पड़ता है। इस स्थिति से अभिभावकों में गहरी नाराज़गी और चिंता है। प्राथमिक शाला डुगरा में लगभग 70 से 80 बच्चे नामांकित हैं, लेकिन उन्हें पढ़ाने के लिए एक भी शिक्षक उपलब्ध नहीं है। जो एकमात्र शिक्षक पदस्थ थे, वे भी स्कूल नहीं पहुंच रहे हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और शिक्षा विभाग की अनदेखी के कारण स्कूल की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही शिक्षकों की पदस्थापना कर व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी (गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) ने बताया कि शिक्षकों को बी.एल.ओ. (बूथ लेवल ऑफिसर) कार्य के प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि जिले में शिक्षकों की कमी है, जिस वजह से स्कूलों में शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *