आज टीम इंडिया के पास टी-20 सीरीज जीतने का मौका, बेंगलुरु में पहली बार वेस्टइंडीज से मुकाबला

भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांचवा और आखिरी टी-20 मैच आज खेला जाएगा। मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में शाम 7 बजे शुरु होगा। फिलहाल सीरीज 2-2 से बराबर है। भारत ने पहला और तीसरा मैच जीता था। वहीं वेस्टइंडीज को दूसरे और चौथे टी-20 में जीत मिली। भारत 2019 से घर में टी-20 सीरीज नहीं हारा है। दूसरी ओर वेस्टइंडीज 2002 के बाद भारत में किसी भी फॉर्मेट की बाइलेटरल सीरीज नहीं जीती है। मेहमान टीम के पास भारत के इस विजयी अभियान को रोकने का मौका होगा।

साथ ही यह पहला मौका है, जब बेंगलुरु में दोनों टीमों की भिड़ंत होगी। हालांकि मैच के समय बारिश की संभावना है। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी सीरीज के शुरुआती चारों मैचों में प्लेइंग-11 में जगह नहीं बना सके। टॉप ऑर्डर में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन हैं। इसकी वजह से वैभव की अंतिम-11 में जगह नहीं बन पा रही। टीम शायद ही निर्णायक मैच में ओपनिंग कॉम्बिनेशन बदलना चाहे।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 35 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इनमें भारत ने 22 और वेस्टइंडीज ने 12 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला बेनतीजा रहा है।

भारत में दोनों टीमों के बीच 15 टी-20 खेले गए। इनमें भारत ने 11 और वेस्टइंडीज ने 4 मैच जीते हैं।

भारतीय टीम के लिए तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की फिटनेस चिंता की बात है। उन्हें पिछले मैच में गेंदबाजी वाले कंधे पर चोट लगी थी।
इसके बाद सिलेक्टर्स ने पांचवें मैच के लिए भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल किया है। अर्शदीप के खेलने पर फैसला मैच से पहले उनकी रिकवरी के आधार पर लिया जाएगा।
इस सीरीज में श्रेयस अय्यर भारत के टॉप बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने 4 मैचों में 159 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में नमन धीर ने 4 मैचों में 5 विकेट लिए हैं।