‘हमारा समय कमजोर, लेकिन दौर आएगा’, RJD की कमान संभालने के बाद बोले तेजस्वी यादव

पटना में आज शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर तेजस्वी यादव ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया. पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में राजनीतिक हमलों, संगठन विस्तार, NDA सरकार पर आरोपों और RJD के भविष्य को लेकर कई बड़े बयान दिए. कार्यक्रम में मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच तेजस्वी ने भावुक अंदाज में कहा कि RJD को नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ आगे ले जाने का समय है और वे इसका नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.

तेजस्वी यादव ने अपने राजनीतिक सफर पर बोलते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगातार साज़िश की गई. उन्होंने कहा, “जब मेरी मूंछ भी नहीं आई थी, तब CBI और ED के केस लगा दिए गए. हमारी तो भ्रूण हत्या कराई जा रही है. मेरा दोष बस इतना था कि 2017 में नीतीश कुमार बीजेपी के साथ जाना चाहते थे.” तेजस्वी ने कहा कि सत्ता में बैठे लोग विपक्ष को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं और उन पर निजी हमले किए जा रहे हैं.

तेजस्वी यादव ने स्पष्ट कहा कि कार्यकारी अध्यक्ष बनने का उनके लिए अर्थ सिर्फ पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा “लालू प्रसाद का सपना पूरा करना है. बूथ लेवल तक संगठन को मजबूत करना है. मेरा सपना है कि RJD को फिर से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिले.” उन्होंने ऐलान किया कि होली के बाद वे पूरे बिहार का दौरा करेंगे और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करेंगे.

पदभार ग्रहण भाषण में तेजस्वी ने NDA पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा “एनडीए सरकार डर तंत्र कायम करना चाहती है. आज लोकतंत्र और संविधान को खत्म किया जा रहा है. विपक्ष को दबाने और बदनाम करने की कोशिश हो रही है.” उन्होंने यह भी कहा “बिहार चुनाव में लोक हारा और तंत्र जीता. लेकिन हम डरने और झुकने वाले नहीं हैं.” तेजस्वी यादव ने अपने भाषण में कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए कहा, “हम लोग कमजोर नहीं हैं, लेकिन हमारा समय कमजोर है. समय आएगा हमारा भी. आज NDA का समय है, लेकिन हमारा दौर जरूर आएगा.”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *