तेजस्वी यादव को हिरासत में लिया गया, बैरिकेड पर कूदे समर्थक
RJD के लोकभवन मार्च के दौरान पुलिस ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया है. मार्च को रोकने के लिए डाक बंगला चौराहे पर पुलिस ने बैरिकेडिंग भी की थी, लेकिन RJD कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की. RJD छात्रों की समस्याओं, बेरोजगारी और सिवान में AK-47 से हुई फायरिंग के विरोध में मार्च कर रही है. राजद के कार्यकर्ता AK-47 का कटआउट लेकर मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने भीड़ को तितर बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया. तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी के आदेश पर यह सब किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार की इन कार्रवाइयों से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है क्योंकि जनता सड़कों पर है. उनका कहना है कि जनता सब समझती है और वह इसके खिलाफ आवाज उठा रही है.
राजद सांसद मीसा भारती भी मार्च में शामिल हुई. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी माना है कि छात्रों के खिलाफ AK-47 का इस्तेमाल किया गया. उन्होंने सवाल किया कि AK-47 की अनुमति किसने दी? मीसा भारती ने कहा कि अगर DM ने अनुमति दी तो उन्हें भी सस्पेंड किया जाना चाहिए. उन्होंने बिहार सरकार पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया.
पटना में छात्र पहले ही छात्र आंदोलन पर बैठे हैं. BPSC TRE-4 को लेकर विज्ञापन जारी हो गया है लेकिन प्रीलिम्स और मेंस में निगेटिव मार्किंग के मुद्दे पर छात्र अड़े हुए हैं. वे इसके खिलाफ प्रोटेस्ट कर रहे हैं और इस फैसले को वापस लेने की मांग कर रहे हैं.
लोकभवन मार्च को देखते हुए पटना ट्रैफिक पुलिस ने दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं. पटना जंक्शन और पटना स्टेशन से डाकबंगला चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों पर रोक रहेगी. साथ ही, पटना ट्रैफिक पुलिस ने सभी से वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और दिशा निर्देश का पालन करने की अपील की है.
