टेलीग्राम CEO के हनी ट्रैप में फंसने का शक, फ्रांस में 12 केस दर्ज थे, अब गर्लफ्रेंड लापता

अंतरराष्ट्रीय

मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम के CEO पावेल डुरोव की गिरफ्तारी तीन दिन बाद भी रहस्य बनी हुई है उनकी गिरफ्तारी के बाद से उनकी 24 साल की गर्लफ्रेंड यूलिया वाविलोवा लापता हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यूलिया की वजह से ही डुरोव की गिरफ्तारी हुई है। वे डुरोव के साथ एक प्राइवेट जेट में अजरबैजान से पेरिस पहुंची थीं। हैरानी की बात है कि फ्रांस में डुरोव पर 12 केस दर्ज थे। इसके बाद भी वे वहां गए। सोशल मीडिया पर ऐसा दावा किया जा रहा है कि यूलिया की वजह से ही डुरोव गिरफ्तार हुए। दरअसल जब वे दोनों पेरिस पहुंचे तो यूलिया ने डुरोव के प्राइवेट जेट से कई सारी इंस्टा स्टोरी पोस्ट कीं। कहा जा रहा है कि इसी वजह से पुलिस को पता चला और डुरोव की गिरफ्तारी हुई यूलिया भी डुरोव की तरह रूसी मूल की हैं। खुद को क्रिप्टो ट्रेनर बताने वाली यूलिया दो साल से दुबई में रहती हैं। वे रूसी, अंग्रेजी, अरबी और स्पेनिश समेत कई भाषाएं जानने का दावा करती हैं।चार महीने पहले यूलिया डुरोव के संपर्क में आई थीं। दोनों को कजाकिस्तान, किर्गिस्तान और अजरबैजान समेत कई जगहों पर एक साथ देखा गया। उनकी कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर आई थीं। डुरोव की गिरफ्तारी के बाद से यूलिया का कोई पता नहीं है। यह दावा किया जा रहा है कि डुरोव हनीट्रैप का शिकार हो गए हैं। उन्हें गिरफ्तार कराने के लिए ही यूलिया ने उनसे नजदीकियां बढ़ाईं और उन्हें पेरिस लेकर गईं।