छत्तीसगढ़ के 3 जिलो में तापमान 37 डिग्री के पार, डोंगरगढ़ सबसे गर्म,16-19 मार्च के बीच बारिश संभव

क्षेत्रीय

छत्तीसगढ़ में मार्च के महीने तापमान में वृद्धि हुई है । गुरुवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान डोंगरगढ़ में 38.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी रायपुर समेत बिलासपुर का तापमान भी 37 ​डिग्री के पार है।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले तीन दिनों में यानी 16-17 मार्च तक तापमान में किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद दिन का पारा 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। यह मौसम में आने वाले बदलाव के कारण है। प्रदेश के कुछ इलाकों में 16 से 19 मार्च के दौरान बारिश और गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने के आसार हैं। उत्तर- पश्चिम भारत में बनने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण समुद्र से बड़ी मात्रा में नमी आएगी। इसी के असर से मौसम में बदलाव हो सकता है।

राजधानी रायपुर में गुरुवार को पारा 37 डिग्री तक पहुंच गया। दिन का तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट आई है। गुरुवार को रात पारा 19.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम था । राजनांदगांव का डोंगरगढ़ इलाका काफी गर्म है। पिछले कुछ दिनों से यहां का तापमान प्रदेश में सबसे ज्यादा रिकॉर्ड किया जा रहा है। गुरुवार को यहां पारा 38.6 डिग्री तक पहुंच गया, जो औसत से 6 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं, रात का तापमान 21.5 डिग्री रहा, जो यहां सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है। बिलासपुर में दिन का तापमान बढ़ता जा रहा है। बुधवार को दिन का तापमान 37.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा था।