राजस्थान-MP के 5 शहरों में तापमान 4°C, यूपी के 8 जिलों के स्कूल बंद
देश के आधे से ज्यादा राज्य इस समय कड़ाके की सर्दी के साथ भीषण कोहरे की चपेट में हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश के 4 शहरों में गुरुवार-शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। MP का शिवपुरी 4 डिग्री और इंदौर में 4.1 डिग्री तापमानके साथ सबसे ठंडा रहा। राजस्थान के फतेहपुर और नागौर में तापमान 4.3 और 4.4 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने से राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। इससे सर्दी से थोड़ी राहत मिल सकती है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार में शुक्रवार को घने कोहरे का असर सबसे ज्यादा रहा।
मौसम विभाग ने पांचों राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया था। दिल्ली में कोहरे के कारण 150 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हो गईं। यूपी के 40 जिलों में घना कोहरा रहा। बरेली, कानपुर, कासगंज समेत 8 जिलों में 20 दिसंबर तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। लखनऊ समेत 10 जिलों में स्कूलों की टाइमिंग सुबह 9 बजे से कर दी गई है। राज्य में अगले तीन दिन भयंकर सर्दी की आशंका है। वहीं बिहार में शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक किसी जिले में सूरज नहीं निकला। घने कोहरे के कारण बीते 24 घंटे में 4 जिलों में 7 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। पटना में स्कूलों की टाइमिंग सुबह 9 बजे से की गई है। सारण में क्लास 1 से 10वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
