राजस्थान के 15 शहरों में दिन का तापमान 35°C+, MP के नर्मदापुरम में भी 39°C, हरियाणा में भी 35°C
राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर पहुंचने लगा है। मध्य प्रदेश में अप्रैल जैसी गर्मी मार्च में ही होने लगी है। कई शहरों में पारा दिन का तापमान 39°C के पार पहुंच गया है। अगले 4 दिन में तापमान 40°C के ज्यादा हो सकता है। गुरुवार को नर्मदापुरम में दिन का तापमान 39°C रहा। राजस्थान में गर्मी लगातार बढ़ रही है। गुरुवार को राज्य के 15 से ज्यादा शहरों का अधिकतम तापमान 35°C से ज्यादा रहा। भीलवाड़ा, अलवर, पिलानी, कोटा समेत अन्य शहरों में दिन का तापमान बढ़ गया है। अगले दो सप्ताह तेज गर्मी से कुछ हिस्सों में हीटवेव का अनुमान है। हरियाणा में भी गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है। मार्च के शुरुआती सप्ताह में ही तापमान 35°C तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक मार्च में तापमान 40°C तक पहुंच सकता है। बुधवार को गुरुग्राम का अधिकतम तापमान 35°C तक पहुंचा।
दूसरी ओर, पहाड़ी राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
