MP-राजस्थान में तापमान 39° तक पहुंचा, हिमाचल, गुजरात, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक अरब सागर में लम्बे समय से एक्टिव एंटी साइकिलों सिस्टम के कारण राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में समय से पहले गर्मी की शुरुआत हो गई है। मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम का तेजी से बदलने लगा है। मैदानी राज्यों के कई शहरों में पारा 35°C से 39°C तक दर्ज किया जा रहा है। IMD के मुताबिक अगले 3-4 दिनों में यह 40°C के पार जा सकता है। राजस्थान-गुजरात और मध्य प्रदेश में हीटवेव का अलर्ट है। गुजरात में शनिवार को लू चल सकती है। हिमाचल प्रदेश में भी हीटवेव की संभावना है, हालांकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ज्यादा हो गया है। स्काइमेट के अनुसार 7 से 11 मार्च के बीच एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा, जिसके चलते जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, हीटवेव तब मानी जाती है, जब मैदानों में तापमान 40 डिग्री या उससे ज्यादा पहुंच जाए। अगर सामान्य तापमान से 4 से 6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जाए। ऐसी स्थिति में लोगों की सेहत पर भी असर पड़ सकता है और लू लगने का खतरा बढ़ जाता है।