MP-राजस्थान में तापमान 35°C के पार, मार्च में 40°C तक जा सकता है, पंजाब-हरियाणा में टेम्परेचर 32°C के पार
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश में मार्च में ही तापमान 40°C तक पहुंच सकता है। मार्च के पहले सप्ताह में हल्की बारिश होने का भी अनुमान है, जबकि दूसरे सप्ताह से गर्मी असर दिखाने लगेगी। दिन के साथ रातें भी गर्म होंगी। मध्य प्रदेश में रविवार को दिन का तापमान 35°C से ज्यादा रहा। खरगोन में अधिकतम तापमान 35.2°C रहा। राज्य के पचमढ़ी को छोड़कर ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 30°C से ज्यादा ही रहा। वहीं, अगले 4 दिनों में दिन के तापमान में 2°C से 4°C की बढ़ोतरी आ सकती है। राजस्थान के बाढ़मेर में सबसे ज्यादा 36.5°C तापमान रहा, यहां न्यूनतम तापमान 23°C रहा। सीकर में भी दिन का तापमान 35.5°C रहा। अधिकांश शहरों का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2°C से 7°C से ज्यादा रहा है। बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 23°C रहा। पंजाब और हरियाणा दोनों में ही पारा 32°C तक पहुंच गया है। पंजाब के फरीदकोट में तापमान 32.3°C, बठिंडा में 32.3°C रहा। हरियाणा के नारनौल में 32.2°C, भिवानी में 32.4°C, गुरुग्राम में 32.6°C, नूंह में 32.7°C तापमान रहा।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी पारा 35.4 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान के साथ दिन में गर्मी का असर बढ़ेगा। उधर, उत्तराखंड में भी गर्मी बढ़ने लगी है। राजधानी देहरादून में पारा 29°C रहा है।
