पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में शुक्रवार को अज्ञात आतंकवादियों ने नौ बस यात्रियों समेत कम से कम 11 लोगों की हत्या कर दी। पहली घटना में हथियारबंद लोगों ने नोशकी जिले में राजमार्ग पर एक बस को रोककर बंदूक की नोक पर नौ लोगों का अपहरण कर लिया था। एक अधिकारी ने कहा कि इन नौ लोगों के शव बाद में पास के पहाड़ी इलाकों में एक पुल के पास मिले, इन्हें गोली मारी गई थी। बस क्वेटा से ताफ्तान जा रही थी कि इस बीच हथियारबंद लोगों ने बस को रोका और यात्रियों की पहचान करने के बाद नौ लोगों को पहाड़ी इलाके में ले गए थे।
वहीं, एक अलग घटना में उसी हाईवे पर एक कार पर गोलीबारी की गई, जिसमें दो यात्रियों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती ने कहा कि नोशकी राजमार्ग पर 11 लोगों की हत्या में शामिल आतंकवादियों को माफ नहीं किया जाएगा और उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। बुगती ने कहा कि हमलों में शामिल आतंकवादियों का पीछा किया जाएगा, उनका उद्देश्य बलूचिस्तान की शांति को नुकसान पहुंचाना है। अब तक किसी भी प्रतिबंधित संगठन ने इन हत्याओं की जिम्मेदारी नहीं ली है
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में आतंकवादी हमला, 11 लोगों की मौत #Pakistan | #Balochistan https://t.co/iOkyUIsTAd
— TV9 Bharatvarsh (@TV9Bharatvarsh) April 13, 2024