सीरिया की मस्जिद में नमाज के दौरान आतंकी हमला.. 8 लोगों की मौत, 21 घायल

सीरिया के होम्स शहर में कल शुक्रवार को एक मस्जिद में हुए आतंकी हमले में 8 लोगों की मौत हो गई, 21 घायल हैं। मरने वालों का आंकड़़ा बढ़ सकता है, क्योंकि ज्यादातर घायलों की हालत गंभीर है। धमाका जुमे की नमाज के दौरान हुआ, उस समय मस्जिद में सबसे ज्यादा भीड़ थी। सीरिया के हेल्थ मिनिस्ट्री के अफसर नजीब अल-नासान ने बताया- घायलों और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। सरकारी समाचार एजेंसी SANA द्वारा जारी तस्वीरों में मस्जिद के अंदर खून से सने कालीन, दीवारों में छेद, टूटे शीशे और आग से हुआ नुकसान दिखाई दे रहा है। यह हमला इमाम अली इब्न अबी तालिब मस्जिद में हुआ, जो होम्स के अलावी बहुल वादी अल-धहाब इलाके में स्थित है। होम्स सीरिया का तीसरा सबसे बड़ा शहर है। जांच में संकेत मिले हैं कि मस्जिद के भीतर एक्सप्लोसिव इक्विपमेंट लगाए गए थे। घटना के बाद पुुलिस और सिक्योरिटी फोर्स ने इलाके को घेर लिया। हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की तलाश जारी है।

विस्फोट के कुछ देर बाद सीरिया के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर इसे आतंकी हमला बताया। बयान में कहा- यह हमला देश को अस्थिर करने और जनता के धैर्य की परीक्षा लेने की कोशिश है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी, नागरिकों की सिक्योरिटी और मजबूत की जाएगी। दोषियों को कड़ी सजा देंगे। मृतकों के परिजनों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं, घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना करते हैं। बीते कुछ हफ्तों से सीरिया में सांप्रदायिक, जातीय और राजनीतिक तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद के रूस भागने के बाद से देश में अलावी समुदाय को निशाना बनाकर हमले बढ़े हैं। मार्च में असद समर्थकों द्वारा सिक्योरिटी फोर्स पर किए गए हमले के बाद कई दिनों तक सांप्रदायिक झड़पें चली थीं, जिनमें सैकड़ों लोगों की मौत हुई, ज्यादातर अलावी समुदाय के लोग थे।

इसी हफ्ते उत्तरी अलेप्पो में सरकारी फोर्स और कुर्द लीडरशिप वाले सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्सेस के बीच भी झड़पें हुईं, जिससे स्कूल और सरकारी दफ्तर बंद करने पड़े। बाद में संघर्ष विराम की घोषणा की गई।