पाकिस्तान में आतंकियों ने मचाया कत्लेआम, वाहनों को रोका, 23 लोगों को मार दी गोली

अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान में एक और बड़ा आतंकी हमला हुआ है। आतंकियों ने बलूचिस्तान के मूसाखेल जिले में पंजाब के 23 लोगों की हत्या कर दी है। एक अधिकारी के हवाले से बताया कि आतंकियों ने बसों और अन्य वाहनों से यात्रियों को उतारा और फिर उनकी पहचान जांचने के बाद उन्हें गोली मार दी। हथियारबंद लोगों ने मूसाखेल के राराशम जिले में राजमार्ग को अवरुद्ध कर दिया और यात्रियों को गोली मार दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतकों में से अधिकांश की पहचान पंजाब के लोगों के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि हथियारबंद लोगों ने 10 वाहनों में भी आग लगा दी। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची जिसके बाद शवों को अस्पताल भेजा। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने आतंकवाद की इस घटना को लेकर कड़ी निंदा की है। साफ है कि मुसाखेल में हुआ यह आतंकी हमला पंजाब के लोगों को निशाना बनाकर किया गया है। इससे पहले इसी साल अप्रैल में, बंदूकधारियों ने नोशकी के पास एक बस से नौ यात्रियों को उतारकर उनकी आईडी कार्ड की जांच करने के बाद उन्हें गोली मार दी थी।