दो बच्चों की मां को 16 साल की लड़की इतनी पसंद कि कर ली शादी

राष्ट्रीय

पटना: एक माह पूर्व पटना के दीघा थाने में जिस किशोरी के अपहरण का केस दर्ज हुआ था उस 16 साल की लड़की से दो बच्चों की मां ने समलैंगिक विवाह कर लिया। यह राज तब उजागर हुआ जब दीघा थाने की पुलिस तकनीकी अनुसंधान कर किशोरी को भोजपुर जिला के तरारी से सकुशल बरामद किया। वहीं से महिला को भी पकड़ लिया गया। छानबीन में पता चला कि महिला एक माह पूर्व किशोरी के साथ नोएडा फरार हो गई थी। दुर्गा पूजा पर वह किशोरी व अपने दोनों बच्चों के साथ भोजपुर स्थित अपने मायके आई थी। दीघा थानेदार राजकुमार पांडेय ने बताया कि महिला के खिलाफ किशोरी के अपहरण का केस दर्ज है। महिला को जेल भेज दिया गया। वहीं किशोरी अपने घर चली गई है।

आटो चलाती थी महिला, घर का काम देखती थी किशोरी
दो बच्चों की मां दीघा इलाके की रहने वाली है। एक माह पूर्व किशोरी के स्वजन थाने में महिला के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराए थे। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी थी। महिला किशोरी संग पटना से भागकर नोएडा में रहने लगी। वहीं पर दोनों दोनों किराए का एक कमरा लेकर रहने लगे। महिला वहीं पर आटो चला रही थी। जबकि किशोरी घर का काम देखती थी। महिला के साथ ही उसके दोनों बच्चे भी रहते थे। उधर, केस दर्ज करने के बाद से ही पुलिस दोनों के बारे में लगातार जानकारी जुटा रही थी। चार दिन पूर्व किशोरी का लोकेशन भोजपुर में मिली। इसके बाद पुलिस वहां छापेमारी कर किशोरी को बरामद किया, फिर आरोपित महिला पकड़ी गई।

किशोरी के नाबालिग होने की बात सुनने को तैयार नहीं महिला
पुलिस की पूछताछ में महिला का कहना था कि ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करते थे। इसके बाद वह दो साल से पति से अलग रह रही थी। महिला ने बताया कि उसने किशोरी से आर्य समाज मंदिर में शादी की है। पुलिस को विवाह से जुड़ा एक कागजात को दिखाया, लेकिन वह अवैध निकला। पुलिस की मानें तो वह जिस किशोरी से शादी का दावा कर रही है वह नाबालिग है। किशोरी के नाबालिग होने की बात पर भी महिला कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थी। वह बार बार यही कह रही है कि कुछ भी हो, वह उसी के साथ रहेगी।