CG : पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव के पैलेस में चोरी, हाथी की 15 किलो वजनी मूर्ति ले उड़े चोर
छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के निवास में चोरी हुई है। सरगुजा पैलेस परिसर से लगे कोठीघर में रात 1 बजे चोर अंदर घुसा। बदमाश पीतल से बनी हाथी की मूर्ति चुराकर भाग गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, वीडियो में देखा जा सकता है कि एक अज्ञात युवक परिसर में चोरी कर वापस जाता दिखाई दे रहा है। चोर पीछे के रास्ते आया था। यह मूर्ति करीब 15 किलो वजनी थी। पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। फिलहाल, टीएस सिंहदेव विदेश प्रवास पर हैं। कोठीघर की सुरक्षा निजी सुरक्षाकर्मियों के जिम्मे है। कर्मियों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने CCTV खंगाला। तब चोरी की बात पता चली। जिसके बाद कोठीघर के मैनेजर राज सोनी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
अम्बिकापुर
पूर्व डिप्टी सीएम @TS_SinghDeo के घर पर चोरों का धावा
कोठीघर कैम्पस से हाथी की मूर्ति चोरी
पोर्च पर लगी 15 किलो वजनी हाथी की मूर्ति चोरी कर ले भागे चोर
कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है #Ambikapur #Chhattisgarh pic.twitter.com/8hvwMQ4sNj
— Anshuman Sharma (@anshuman_sunona) August 6, 2025
कोठीघर का इस्तेमाल पिछले कई साल तक कांग्रेस कार्यालय के तौर पर किया जाता रहा है। अभी टीएस सिंहदेव का निवास ‘तपस्या’ बना हुआ है। राजपरिवार के लोग जब आते हैं तो वे कोठीघर में रहते हैं। इसका निर्माण कई साल पहले पैलेस के क्षतिग्रस्त होने के बाद कराया गया था। जिस पीतल की मूर्ति की चोरी हुई है, वह 2 साल पहले लाई गई थी। कोठीघर के रेनोवेशन के दौरान मूर्ति मुख्य दरवाजे के पास सजाई गई थी।
जानकारी के मुताबिक चोर पुराने पैलेस की ओर से कोठीघर परिसर में आया। सामने पोर्च में दोनों ओर लगी हाथी की पीतल की मूर्तियों में से एक को चोर अपने साथ ले गया।
