मुंबई की मेयर, अमिताभ बच्चन का बंगला और BMC दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी; ईमेल से मचा हड़कंप
26/11 मुंबई आतंकी हमले की 18वीं बरसी के मौके पर मायानगरी मुंबई को एक बार फिर दहलाने की धमकी मिली है। मुंबई की महापौर (मेयर) रितु तावड़े और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की आयुक्त अश्विनी भिड़े को एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। इस ईमेल में आज दोपहर 1:11 बजे मेयर कार्यालय में बम धमाका करने, अगले 30 दिनों तक पूरे शहर में ग्रेनेड हमले करने और 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच मुंबई के प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को आईईडी (IED) धमाकों से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। मुंबई में बम धमाकों की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। धमकी भरा ईमेल आज सुबह 10 बजकर 12 मिनट पर आया है। इसमें मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने के साथ-साथ अगले 30 दिनों में मुंबई के अलग-अलग इलाकों में ग्रेनेड हमले करने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच मेट्रो स्टेशनों पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से धमाके करने की धमकी भी दी गई है।

