छत्तीसगढ़ में अंधड़-बारिश की चेतावनी, अगले 24 घंटे भारी, 50km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

छत्तीसगढ़ में मौसम ने पिछले तीन दिनों में जबरदस्त यू टर्न लिया है। प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश के साथ ओले गिरे हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए चेतावनी दी है कि प्रदेश में अंधड़ और बिजली गिरने के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज (20 मार्च) को अलग-अलग स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान गरज-चमक के साथ ओले गिरने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कल यानी 21 मार्च को भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।

​पिछले 24 घंटों के दौरान बस्तर संभाग के जगदलपुर, बकावंड और साकोला जैसे इलाकों में 1-1 सेमी तक बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं तापमान की बात करें तो सबसे अधिक तापमान 36.4°C दुर्ग में दर्ज किया गया, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.1 डिग्री जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया।

मध्य प्रदेश के ऊपर चक्रवाती घेरा बना हुआ है। उत्तरी मध्य प्रदेश में समुद्र तल से 0.9 किमी की उंचाई पर हवा का गोल घेरा नमी वाली हवाओं को अपनी ओर खींच रहा है। द्रोणिका रेखा (Trough Line) मध्य प्रदेश के इस चक्रवाती घेरे से लेकर महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ तक फैली हुई है। यह रेखा छत्तीसगढ़ के पश्चिमी बॉर्डर के पास है और हवाओं में अस्थिरता पैदा कर रही है। आंध्र प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवात तटीय क्षेत्रों में 3.1 किमी की उंचाई पर बना हुआ है। यह सिस्टम बंगाल की खाड़ी से भारी नमी छत्तीसगढ़ की ओर धकेल रहा है।