कोलकाता में TMC-BJP समर्थकों में झड़प, BJP का आरोप- जनसभा का मंच फूंका
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के दक्षिण-पश्चिमी इलाके सारखेरबाजार में रविवार शाम तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच झड़प हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक विवाद स्थानीय क्लब में तेज आवाज में माइक चलाने को लेकर शुरू हुआ। भाजपा का आरोप है कि TMC के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के मंच में आग लगा दी। इसी मंच पर त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने दिन में जनसभा को संबोधित किया था। घटना के बाद आग बुझाने के लिए एक दमकल गाड़ी मौके पर भेजी गई। अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बेहाला पूरब से TMC विधायक रत्ना चटर्जी ने कहा कि बैडमिंटन टूर्नामेंट के दौरान BJP समर्थकों ने क्लब के सदस्यों से बदसलूकी की। उन्होंने कहा कि जिस तरह की हरकतें की जा रही हैं, उसके जवाब में तृणमूल कांग्रेस और सख्त रुख अपनाएगी। सुकांत मजूमदार ने X पर पोस्ट कर लिखा कि TMC के गुंडों ने BJP के पश्चिम बंगाल चुनाव सह-प्रभारी बिप्लब देब की बैठक के मंच पर हमला किया, तोड़फोड़ की और आग लगा दी। ममता बनर्जी के शासन में राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।
