बंगाल के फालता में TMC कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप, लोग बोले- वोट डालने के बाद मारपीट हुई

पश्चिम बंगाल में डायमंड हार्बर के 4 और मगरहाट पश्चिम के 11 बूथों पर शनिवार सुबह 7 बजे से दोबारा मतदान जारी है। डायमंड हार्बर के फालता में स्थानीय लोगों ने TMC के लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। लोगों ने कहा वोट डालने के बाद हम पर टीएमसी के लोगों ने हमला किया। हमारे साथ मारपीट की गई है। जब हम इस घटना का शांति से विरोध कर रहे थे तो पुलिस ने हम पर लाठीचार्ज किया। कई लोगों को पैर में, सिर में और हाथ में चोट आई है। लोगों ने विशेष समुदाय पर हमले का आरोप लगाया है। वहीं, TMC ने आरोप लगाया कि मगराहाट के बूथ नंबर 127 पर सुरक्षाबलों ने हमारे कैंप में तोड़फोड़ की और कार्यकर्ताओं से मारपीट की। पार्टी के मुताबिक, यह कैंप नजरा एफपी स्कूल के पास 500 मीटर के दायरे से बाहर लगाया गया था और चुनाव आयोग के नियमों के तहत काम कर रहा था। TMC उम्मीदवार शमीम अहमद ने कहा कि यह स्वीकार नहीं है। वहीं घटना के बाद TMC समर्थकों ने नारेबाजी की है। डायमंड हार्बर और मगरहाट पश्चिम में दोपहर 1 बजे तक 55% से ज्यादा मतदान हो चुका है।

दरअसल, 29 अप्रैल को इन बूथों पर दूसरे फेज की वोटिंग के दौरान EVM से छेड़छाड़ और झड़प की शिकायत मिली थी। इसके चलते दोबारा वोटिंग का फैसला लिया गया। ये सभी बूथ दक्षिण 24 परगना जिले में आते हैं।वहीं, TMC ने कोलकाता खुदीराम अनुशीलन केंद्र के रिटर्निंग ऑफिसर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

पार्टी का दावा है कि पोस्टल बैलेट कवर से छेड़छाड़ हुई है। राज्य की सभी 294 सीटों पर रिकॉर्ड 92.84% वोटिंग हुई। 23 अप्रैल को फर्स्ट फेज की 152 सीटों पर 93.19% मतदान हुआ था। 29 अप्रैल को सेकेंड फेज की 142 सीटों पर 92.48% वोट पड़े। रिजल्ट 4 मई को आएंगे।