छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री लगातार भाजपा कार्यालय में सहायता केंद्र के जरिए लोगों और कार्यकर्ताओं की परेशानी सुन रहे हैं आज 8 अगस्त को प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी समस्याओं का निराकरण करने दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक मौजूद रहेंगे। लगभग एक महीने पहले ही भाजपा ने एक बार फिर से सहायता केंद्र की शुरुआत की है। चौधरी के साथ भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव मौजूद रहेंगे। वहीं शुक्रवार को 9 अगस्त को महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े जन समस्याओं का निराकरण करने दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक मौजूद रहेंगीं। उनके साथ भाजपा प्रदेश मंत्री अवधेश चंदेल मौजूद रहेंगे। इसके लिए पंजीयन दोपहर 1 से 2 बजे तक होगा।
प्रदेश में जनता की समस्याओं को सुनने के लिए बीजेपी ने सहायता केंद्र की शुरुआत की है। यह सहायता केंद्र बीजेपी ऑफिस रायपुर में खोला गया है। जहां हर विभाग के मंत्री अलग-अलग दिनों में बैठेंगे और लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। भाजपा ने सत्ता में काबिज होने के बाद सहयोग केंद्र का संचालन शुरू किया था, लेकिन लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता के चलते यह सहयोग केंद्र महज 15 दिन ही चल पाया। इस दौरान मंत्रियों ने बैठकर कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं। पहले दिन उद्योग मंत्री लखन देवांगन ने समस्याओं को सुनकर और उसे सुलझाने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे।