देखने में एलियन जैसा, छूने पर देगा करंट; मिलिए प्रकृति के सबसे अजीब कीड़े से

प्रकृति में एक से बढ़कर एक अनोखे जीव मौजूद हैं. कुछ अपनी खूबसूरती से दिल जीत लेते हैं, तो कुछ इतने डरावने होते हैं कि उनके पास जाने से भी डर लगता है. आज हम आपको एक ऐसे ही विचित्र कीड़े के बारे में बता रहे हैं, जो पहली नजर में किसी एलियन या स्टारफिश जैसा दिखाई देता है. इसे छूने की भूल आपको भारी पड़ सकती है. जानते हैं इस अजीबोगरीब जीव के बारे में सबकुछ. ‘ए टू जेड एनिमल्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस अनोखे जीव का वैज्ञानिक नाम फोबेट्रॉन पिथेसियम (Phobetron pithecium) है. आम बोलचाल में इसे हैग मोथ (Hag Moth) या मंकी स्लग कैटरपिलर (Monkey Slug Caterpillar) कहा जाता है. इसका लार्वा रूप किसी कटी हुई स्टारफिश या स्लग जैसा नजर आता है. इसके शरीर पर निकले हुए अंग इसे किसी दूसरे गृह का प्राणी जैसा लुक देते हैं. यह मुख्य रूप से उत्तरी अमेरिका के जंगलों और बागों में पाया जाता है.

दिखने में भले ही यह अनोखा लगे, लेकिन इसके शरीर के अंगों के नीचे छोटे-छोटे और खोखले कांटे छिपे होते हैं. जैसे ही कोई इंसान या शिकारी इसे छूता है, ये कांटे त्वचा में चुभकर जहर छोड़ देते हैं, जिससे मधुमक्खी के डंक या हल्के करंट जैसा झटका, तेज जलन और सूजन महसूस होती है.

इस कीड़े की अजीब बनावट सिर्फ डराने के लिए नहीं है, बल्कि यह इसका सुरक्षा कवच है. जब कोई शिकारी इस पर हमला करता है, तो इसके शरीर के ये स्टारफिश जैसे हिस्से आसानी से टूटकर अलग हो जाते हैं. यह बिल्कुल छिपकली की कटी हुई पूंछ की तरह काम करता है, ताकि यह अपनी जान बचाकर वहां से भाग सके.

यह अजीब दिखने वाला कैटरपिलर जब बड़ा होता है, तो एक साधारण से भूरे रंग के पतंगे में बदल जाता है. इसके वयस्क रूप को देखकर कोई अंदाजा भी नहीं लगा सकता कि यह अपने शुरुआती जीवन में इतना खतरनाक और विचित्र दिखता था.

अगर कभी आपको पेड़-पौधों के आसपास ऐसा अजीब एलियननुमा कीड़ा दिखाई दे, तो समझदारी इसी में है कि दूर से ही उसकी तस्वीर लें, पर उसे गलती से भी छूने की भूल न करें.