मालदीव में पर्यटक घटे… भारत में कराएगा रोड शो, 2023 की तुलना में 3 महीने में 34% टूरिस्ट कम हुए

अंतरराष्ट्रीय

भारत और मुइज्जू सरकार में विवाद जारी है। इस बीच मालदीव भारतीय पर्यटकों को लुभाने के लिए भारत के कई शहरों में रोड शो कराएगा रोड शो किन शहरों में और कब कराए जाएंगे, इसकी जानकारी नहीं दी गई। मालदीव एसोसिएशन ऑफ टूर एंड ट्रैवल ऑपरेटर्स (MATATO) ने गुरुवार रात भारत के हाई कमिश्नर मुनु महावर से दोनों देशों के बीच यात्रा और पर्यटन सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। जनवरी 2024 के बाद से मालदीव जाने वाले भारतीय पर्यटकों की संख्या बहुत कम हुई है। इसकी वजह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हुई आपत्तिजनक टिप्पणी है। मालदीव की टूरिज्म मिनिस्ट्री के मुताबिक, जनवरी-मार्च 2023 में 56 हजार से ज्यादा भारतीय टूरिस्ट मालदीव पहुंचे थे। वहीं, जनवरी से 10 अप्रैल 2024 तक सिर्फ 37 हजार भारतीय मालदीव गए। आंकड़ों में 34% गिरावट देखी गई।