सिद्धार्थ-तमन्ना की फिल्म ‘वन’ का ट्रेलर रिलीज, फिल्म में दिखाई गई खौफनाक जंगल की दुनिया
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की अपकमिंग फैंटेसी फिल्म ‘वन’ (Vvan) का ट्रेलर मेकर्स ने रिलीज कर दिया है। 2 मिनट 44 सेकंड का यह ट्रेलर एक रहस्यमयी और प्रतिबंधित जंगल की कहानी दिखाता है, जहां आस्था और लोककथाओं का मिलन होता है। फिल्म में सिद्धार्थ एक नास्तिक व्यक्ति के किरदार में हैं, जो जंगल के भीतर की शक्तियों और भूतों से मुकाबला करते नजर आते हैं। ‘पंचायत’ वेब सीरीज के निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी यह फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
ट्रेलर की शुरुआत में तमन्ना भाटिया और सिद्धार्थ मल्होत्रा के किरदारों की बातचीत दिखाई गई है। तमन्ना का किरदार छठ पूजा की छुट्टियों में जंगल की तरफ जाने की बात करता है, जबकि सिद्धार्थ का किरदार बहाने बनाता दिखता है। तमन्ना का मानना है कि उन्हें देवी ने खुद बुलाया है।
इसके बाद कहानी में कई अकल्पनीय घटनाएं घटने लगती हैं। यहां ‘वन देवी’ का प्राचीन मंदिर है। इस मंदिर से पुरानी लोककथाएं फिर से जीवित हो उठती हैं।
WHEN FAITH MEETS FOLKLORE, A SPECTACLE IS BORN! 🔱🌲
The official trailer for #THEVVAAN is OUT NOW! 🎬
Enter a world where ancient legends collide with dark jungle forces. #SidharthMalhotra and #TamannaahBhatia star in TVF & Balaji’s mega action-folklore thriller! 🍿⚡… pic.twitter.com/c8qF0tpRM8
— Uttamm (@Utms_786) September 16, 2026
फिल्म की इस रहस्यमयी दुनिया का सबसे बड़ा नियम है “सूर्यास्त के बाद वन में प्रवेश करना वर्जित है”। जंगल के भीतर ‘भुट्टका’ नाम की अंधेरी और खौफनाक शक्तियां रहती हैं, जो रात के सन्नाटे से भी ज्यादा खतरनाक मानी जाती हैं।
लोकमान्यता के अनुसार, अगर कोई इंसान रात के समय इस जंगल में कदम रखता है, तो वह कभी जिंदा वापस नहीं लौट पाता। सिद्धार्थ का किरदार इन खतरों के बावजूद इस जंगल की तरफ खिंचा चला जाता है।
फिल्म में डर और प्रामाणिकता का अहसास कराने के लिए मेकर्स ने असली जंगलों में शूटिंग की है। ‘तुंबाद’, ‘भ्रमयुगम’ और ‘कांतारा’ जैसी लोककथाओं पर बनी फिल्मों की सफलता के बाद दर्शक इस तरह के कंटेंट को काफी पसंद कर रहे हैं।
बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को शोभा कपूर और एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म की स्टारकास्ट में सिद्धार्थ और तमन्ना के अलावा मनीष पॉल, श्वेता तिवारी, सुनील ग्रोवर और अनूप सोनी जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में हैं।
