राजधानी भोपाल की सड़कों पर दौड़ने वाली 230 सिटी बसों में घूमना 2 अप्रैल से महंगा हो जाएगा। BCLL (भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड) ने किराए में 15% तक की बढ़ोतरी की है। अब यात्री को हर रूट पर 1 से 2 रुपए ज्यादा देने पड़ेंगे। इससे पहले 5 रूट पर सुपर सेवर प्लान न सिर्फ महंगा हो गया, बल्कि ट्रिप भी घटाए जा चुके हैं।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में पहले ही आग लगी हुई है। ऐसे में सिटी बसों लोगों का सहारा बनी हुई थी, लेकिन अब इनमें घूमना भी महंगा कर दिया गया है। डीजल के रेट में हुई बढ़ोतरी के बहाने बीसीएलएल ने सिटी बसों का किराया भी बढ़ा दिया है, जो 2 अप्रैल से लागू हो जाएगा। इससे पहले वर्ष 2020 में किराए में वृद्धि की गई थी।
रोज सवा लाख यात्री करते हैं सफर
भोपाल के 14 रूट पर कुल 230 सिटी बसें दौड़ रही हैं। इनमें प्रतिदिन करीब सवा लाख यात्री सफर करते हैं। इनमें 22 हजार से ज्यादा यात्री मंथली और सुपर सेवर प्लान लेकर सफर करते हैं।
दूरी के हिसाब से बढ़ा किराया
BCLL ने किलोमीटर के हिसाब से किराया बढ़ाया है। इसमें 1 से 2 रुपए तक की बढ़ोतरी शामिल हैं। शुरुआत 7 किमी तक सफर करते हैं तो 1 रुपए बढ़ा हुआ किराया देना होगा। यदि 10 किमी तक सफर करेंगे तो 19 रुपए देने होंगे। पहले किराया 17 रुपए था। 13 किमी तक का किराया अब 22 रुपए चुकाना पड़ेगा, जो पहले 20 रुपए था। 26 किमी तक सफर करने पर पहले 26 रुपए लगते थे, अब 28 रुपए देने होंगे।
इतना किराया बढ़ा
दूरी | अब इतना लगेगा | पहले इतना था |
0 से 2 Km | 07 | 06 |
0 से 3 Km | 12 | 11 |
0 से 7 Km | 15 | 14 |
0 से 10 Km | 19 | 17 |
0 से 13 Km | 22 | 20 |
0 से 16 Km | 23 | 22 |
0 से 19 Km | 28 | 26 |
0 से 22 Km | 30 | 29 |
0 से 25 Km | 32 | 31 |
0 से 28 Km | 35 | 34 |
0 से 30 Km | 37 | 36 |
0 से 34 Km | 37 | 36 |
मार्च में पास महंगा किया था
मार्च में रूट SR-8 (कोच फैक्टरी से बैरागढ़ चिचली), TR-1 (चिरायु हॉस्पिटल से गुलमोहर सलैया), 115 (गांधीनगर से अयोध्या बायपास), 208 (कोकता से लालघाटी) और 116 (पुतलीघर से बंगरसिया) पर दौड़ने वाली सिटी बसों के सुपर सेवर प्लान में बदलाव हो चुका है। जनवरी में 299 रुपए में महीनेभर में 100 ट्रिप मिलती थी। फरवरी में बदलाव करते हुए यह पास 100 रुपए महंगा कर दिया और 399 रुपए में पास मिलने लगा, लेकिन ट्रिप नहीं घटाई गई। मार्च में फिर से ट्रिप में बदलाव किया और 399 रुपए के पास में 65 ट्रिप की सुविधा ही दी जा रही है। इस कारण पास वाले यात्रियों को भी सिटी बस में घूमना महंगा पड़ रहा है।